विधानसभाध्यक्ष कल्याण ने समानांतर सत्र को लेकर नेता प्रतिपक्ष से मांगा स्पष्टीकरण

विधान सभा सचिवालय ने हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव से भी मांगी टिप्पणी

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 28 अप्रैल। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा परिसर के बाहर तथाकथित समानांतर सत्र चलाने के नाम पर विधायकों को एकत्रित किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा से औपचारिक स्पष्टीकरण देने के लिए पत्र लिखा है। इसके साथ ही विधान सभा सचिवालय ने प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से भी इस विषय पर टिप्पणी मांगी है।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा है कि यह कृत्य न केवल संसदीय परंपराओं के विपरीत प्रतीत होता है, बल्कि विधान सभा की गरिमा और स्थापित प्रक्रियाओं व नियमों पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से पूछा है कि उन्होंने किन नियमों व संसदीय प्रथाओं के तहत इस प्रकार की अवांछित गतिविधि की है।

विधान सभा अध्यक्ष की ओर से लिखे गए पत्र में यह भी पूछा गया है कि 27 अप्रैल को आयोजित हरियाणा विधान सभा के विशेष सत्र व उसकी कार्यवाही को उनके द्वारा किस संवैधानिक या प्रक्रियात्मक आधार पर असंवैधानिक करार दिया गया। इसके अतिरिक्त, सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में प्रस्तुत सरकारी प्रस्ताव को ‘असंवैधानिक’ बताने के पीछे क्या ठोस आधार हैं – इस संबंध में भी विस्तृत जवाब मांगा गया है।

Advertisement

विस अध्यक्ष ने कहा कि विधान सभा की कार्यवाही संविधान, नियमों और स्थापित संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित होती है और किसी भी प्रकार की समानांतर या भ्रामक गतिविधि लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा इनके सदस्यों की गरिमा व प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से अपेक्षा जताई है कि वे इस विषय पर शीघ्र और स्पष्ट जवाब देकर स्थिति को स्पष्ट करेंगे, ताकि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संसदीय परंपराओं की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh