न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़ 17 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग के सौजन्य से राजकीय मॉडल सीनियर सैकेंडरी स्कूल, पुलिस लाइन अम्बाला में लगाए गए नेत्र जांच एवं एनीमिया जांच हेतू लगाए गए शिविर का शुभारम्भ किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री असीम गोयल नन्यौला विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए गए शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। विशेषकर बेटियों को इसका लाभ होगा। जो बेटियां एनीमिक है उन्हें डाक्टरों के परामर्श अनुसार दवाई देने का काम किया जाएगा ताकि एनीमिया की कमी दूर हो। इस मौके पर उन्होंने बेटियों को पोषण किट भी वितरित की।

इस मौके पर नेत्र जांच शिविर का भी अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने उपस्थित चिकित्सकों से विद्यार्थियों के नेत्र जांच संबंधी जो कार्य किए जा रहे थे उसकी भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 100-दिवसीय एनीमिया मुक्त भारत अभियान के शुभारम्भ किए जाने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में एनीमिया की रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं जनजागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाना हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री असीम गोयल ने भी सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां पर लगे शिविर की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर जिन भी विद्यार्थियों की आंखों की जांच का कार्य हुआ है उसके उपरान्त उन्हें चिकित्सकों के परामर्श अनुसार निशुल्क चश्में भी वितरित किए गए है। उन्होनें बताया कि एनीमिया मुक्त अभियान के तहत सभी स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों, किशोरियों के एचबी की जांच की जाएगी और जांच उपरान्त उन्हें पौष्टिक आहार व एनीमिया से बचाव बारे जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ रेनू बेरी ने बताया कि 100 दिनों के दौरान जिले में स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनवाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों तथा समुदाय स्तर पर विभिन्न गतिविधियां की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लक्षित लाभार्थियों की जांच, उपचार व फॉलोअप पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।