रबी फसलों के MSP में ऐतिहासिक वृद्धि के लिए CM ने जताया PM का आभार

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जताया आभार

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 30 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपणन सीजन 2027-28 के लिए सभी अधिकृत रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में की गई वृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) द्वारा लिया गया यह निर्णय देश और प्रदेश के किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने तथा उन्हें उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपणन सीजन 2027-28 के लिए अधिकृत रबी फसलों के एमएसपी में की गई यह वृद्धि केंद्रीय बजट 2018-19 में की गई उस ऐतिहासिक घोषणा के अनुरूप है, जिसके तहत एमएसपी को अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत के कम से कम 1.5 गुना पर निर्धारित करने का संकल्प लिया गया था। उन्होंने बताया कि इस फैसले के तहत एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि कुसुम के लिए 675 रुपये प्रति क्विंटल घोषित की गई है, जबकि रेपसीड और सरसों के लिए 413 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार मसूर के लिए 390 रुपये प्रति क्विंटल, जौ के लिए 136 रुपये प्रति क्विंटल, चना के लिए 83 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं के दाम में 25 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्पादन लागत पर मिलने वाला अपेक्षित मार्जिन किसान-कल्याण के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नई एमएसपी दरों के अनुसार किसानों को गेहूं पर अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत पर 106 प्रतिशत का शानदार मार्जिन मिलेगा, जबकि सरसों और रेपसीड पर 96 प्रतिशत, मसूर पर 92 प्रतिशत, चना पर 59 प्रतिशत, जौ पर 58 प्रतिशत और कुसुम पर 50 प्रतिशत का मार्जिन सुनिश्चित किया गया है।

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि हाल के वर्षों में केंद्र सरकार अनाज के अतिरिक्त दलहन और तिलहन जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार उच्च एमएसपी की पेशकश कर रही है। रबी फसलों के इस बढ़े हुए एमएसपी से न केवल किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें लाभकारी मूल्य सुनिश्चित होगा, बल्कि इससे प्रदेश में फसल विविधीकरण को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हरियाणा के किसान इन फैसलों से लाभान्वित होकर देश के खाद्य भंडार को और समृद्ध करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh