2026 अंत तक प्रदेश में E-बसों की संख्या 155 से बढ़ाकर 375 की जाएगी : मुख्यमंत्री सैनी

मुख्यमंत्री ने जगाधरी में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से बने आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का किया लोकार्पण

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर को मिलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें

इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी तैयार होंगे ई-बस डिपो

हरियाणा के हर बड़े शहर में होगी ई-बस और ई-बस डिपो की सुविधा

हरियाणा रोडवेज 39 श्रेणियों के लोगों को दे रही मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा

Advertisement

न्यूज़म ब्यूरो

जगाधरी, 15 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज जगाधरी में लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह डिपो यमुनानगर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ-साथ प्रदेश में हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह केवल बस डिपो नहीं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ और हरित भविष्य का पावर हाउस है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में जगाधरी से 5 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत की गई थी। उसी वर्ष 12 मार्च को इस डिपो के निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ था। लगभग पौने तीन वर्ष में यह परियोजना पूरी हुई है। उन्होंने इसके निर्माण में योगदान देने वाले इंजीनियरों, श्रमिकों और अधिकारियों की टीम को बधाई दी।

उन्होंने बताया कि इस डिपो में आधुनिक बस कार्यशाला, एक साथ छह बसों को चार्ज करने की क्षमता वाले छह इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, आधुनिक वाशिंग स्टेशन और सुसज्जित प्रशासनिक भवन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में हर 50 किलोमीटर पर एक चार्जिंग स्टेशन लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और हरित भारत, स्वच्छ भारत के विजन से देश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में व्यापक बदलाव आ रहा है। प्रधानमंत्री का संकल्प भारत को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन की दिशा में आगे ले जाना है और हरियाणा इस संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

इस वर्ष के अंत तक चलेंगी 375 इलेक्ट्रिक बसें  

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सिटी बस सेवा शहरी जीवन की आवश्यकता बन चुकी है। हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 155 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या बढ़ाकर 375 कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष के बजट में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की घोषणा की गई थी। इसी दिशा में 10 शहरों में इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाए जा रहे हैं। गत 28 मई को पानीपत डिपो का उद्घाटन किया गया था और आज जगाधरी में दूसरे डिपो का लोकार्पण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में भी ई-बस डिपो तैयार हो जाएंगे। अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में भी ई-बस डिपो शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा के प्रत्येक बड़े शहर में इलेक्ट्रिक बस और आधुनिक ई-बस डिपो की सुविधा उपलब्ध हो।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर को मिलेंगी 50 बसें 

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत और रोहतक के लिए कुल 450 इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 50 इलेक्ट्रिक बसें यमुनानगर को मिलेंगी। इससे शहर में लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम होगी तथा लोगों को शहर के भीतर आवागमन की अधिक सुविधाजनक और टिकाऊ व्यवस्था मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और शोर नहीं होता तथा जहरीली गैसों का उत्सर्जन भी नहीं होता। इससे वायु प्रदूषण कम होगा, पेट्रोल-डीजल की बचत होगी और यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक सफर मिलेगा।

12 वर्षों में 34 शहरों में बने नए बस अड्डे  

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने हरियाणा राज्य परिवहन को मजबूत बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में पानीपत सहित प्रदेश के 34 शहरों में नए बस अड्डों का निर्माण किया गया है, जिन पर लगभग 492 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हरियाणा रोडवेज अपनी कार्य-कुशलता के कारण देश की श्रेष्ठ परिवहन सेवाओं में शामिल है। प्रदेश में वर्ष 2022 में ही ई-टिकटिंग प्रणाली शुरू की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज केवल परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराती, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाती है। रोडवेज द्वारा बुजुर्गों, स्वतंत्रता सेनानियों, दिव्यांगों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित 39 श्रेणियों के लोगों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हैप्पी कार्ड योजना के तहत गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1,000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 हैप्पी कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह सरकार की अंत्योदय की भावना और गरीबों के सम्मान का प्रतीक है।

ग्रीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर 

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे ग्रीन एनर्जी, आधुनिक तकनीक और स्मार्ट मोबिलिटी को अपनाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण, बैटरी तकनीक, चार्जिंग स्टेशन और ग्रीन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। भविष्य हरित तकनीक का है और युवाओं को इस बदलाव का नेतृत्व करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारे नैतिक दायित्व का निर्वहन भी है। जब हम पर्यावरण की रक्षा करते हैं, तो वास्तव में अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा  ऐसी व्यवस्था खड़ी की गई है कि अब यहां पराली जलाने के मामले शून्य की तरफ बढ़ रहे हैं। इसके लिए उन्होंने किसानों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने परली प्रबंधन के लिए 1.5 लाख उपकरण 50-80 प्रतिशत सब्सिडी पर किसानों को उपलब्ध करवाए हैं। हरियाणा में किसानों को पराली बेचकर प्रति एकड़ 3000 रुपये तक का लाभ हो रहा है, सरकार द्वारा 1200 रुपये प्रति एकड़ की सहायता भी दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे तो वे पराली जलाकर प्रदूषण फैलाने के लिए हरियाणा व पंजाब के किसानों को दोष देते थे लेकिन अब पंजाब में पिछले 5 साल में उन्हीं की पार्टी की सरकार है और उन्होंने पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन अपनाने, स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, यमुनानगर की मेयर सुमन बहमनी, पूर्व विधायक चौ. बलवंत सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन ईश्वर पलाका तथा प्रदेश मंत्री मदन चौहान सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में व्यक्ति उपस्थित रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh