शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने राष्ट्रीय सम्मेलन में नगर निकायों की अच्छी कार्यप्रणालियों को साझा करने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर चर्चा की
राजस्व के नए स्रोत तलाशने, डिजिटल सेवाओं के विस्तार, पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा
मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने स्थानीय स्तर पर वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियों का प्रभावी उपयोग कर राजस्व बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया
न्यूज़म ब्यूरो
गुरुग्राम, 23 नवंबर। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नगर निकायों को आत्मनिर्भर, जवाबदेह और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली स्थानीय सरकारों के रूप में विकसित करना हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है। शहरों में सफल कार्य प्रणालियों को दूसरे निकायों तक पहुंचाने, राजस्व बढ़ाने, डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर काम किया जाएगा। यह बात उन्होंने सोमवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘हरियाणा में पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण: स्थानीय निकायों से स्थानीय सरकारों तक’ के तहत शहरी स्थानीय निकायों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि शहरों की अच्छी कार्यप्रणालियों को दस्तावेज के रूप में तैयार कर सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि वे एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकें। साथ ही प्रॉपर्टी टैक्स, फीस और शहरों की संपत्तियों के बेहतर उपयोग के माध्यम से आय बढ़ाने पर जोर दिया।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शहरों में विज्ञापन सहित आय के वैकल्पिक स्रोत तलाशने, उपलब्ध संपत्तियों का बेहतर उपयोग करने, पूजा सामग्री के अपशिष्ट प्रबंधन और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए नए विकल्प अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 87 शहरी स्थानीय निकायों में से 84 में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा लेगेसी वेस्ट प्रबंधन में भी प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, पेयजल, सीवर, जल निकासी, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाने के साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार जरूरी है। मेयर, पार्षदों और कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने नगर निकायों को अपनी वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियों का प्रभावी उपयोग कर राजस्व बढ़ाने, गारबेज फीस, संपत्तियों के बेहतर उपयोग और नए वित्तीय मॉडल अपनाने की सलाह दी। उन्होंने जनहित की परियोजनाओं में पीपीपी मॉडल और पारदर्शी व्यवस्था अपनाने पर भी बल दिया।
सत्र में सोनीपत के मेयर राजीव जैन, करनाल की मेयर रेणु बाला तथा महाराष्ट्र के मलकापुर से तेजस सोनवले ने अपने शहरों की कार्यप्रणालियां और अनुभव साझा किए।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।