नायब सरकार का बजट रोजगार सृजन और विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने वाला है : डा. सतीश पूनिया

बजट में मुख्यमंत्री का गरीब कल्याण से लेकर उद्योग प्रोत्साहन पर फोकस : डा. पूनिया
न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 02 मार्च। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट को आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ता सशक्त और संतुलित बजट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में महिलाओं, युवाओं और किसानों, छात्रों का विशेष ध्यान रखा है। डा. पूनिया ने बजट की प्रशंसा करते हुए बजट को हरियाणा की आर्थिक मजबूती की ओर निर्णायक कदम बताया। भाजपा प्रदेश प्रभारी ने गरीब कल्याण से लेकर उद्योग प्रोत्साहन का बजट पेश करने पर मुख्यमंत्री सैनी का आभार जताया।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री ने किसानों, गरीबों, महिलाओं से लेकर अग्निवीरों के लिए बड़े एलान किए हैं। मुख्यमंत्री ने बजट में हरियाणा के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए धन आवंटित किया है इससे हरियाणा के विकास को नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने कहा कि एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाने, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लिनिक बनाने, हांसी को मॉडर्न डिस्ट्रिक्ट बनाने समेत कई घोषणाएं की जो नायब सरकार के सराहनीय निर्णय हैं।

डा. पूनिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में उद्योगों के लिए ‘‘सक्षम’’ नाम से 500 करोड़ रुपये का एक स्पेशल फंड बनाने की घोषणा की है। महिलाओं को गाड़ी खरीदने पर एक प्रतिशत की छूट दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2025-26 की तुलना में 10.28 फीसदी ज्यादा है। मुख्यमंत्री ने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भी कई घोषणाएं की है जो सराहनीय हैं।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि यह बजट विकास की रफ्तार को नई ऊर्जा देगा। बजट में मुख्यमंत्री ने ग्रामीण उन्नति और शहरी आधुनिकीकरण का संतुलित समन्वय पेश किया है तथा रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्टार्टअप प्रोत्साहन का विस्तृत खाका भी रखा है।  डा. पूनिया ने कहा कि यह बजट डिजिटल, हरित और नवाचार आधारित भविष्य की तैयारी का बजट है।

डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हित में काम करने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए दर्जन भर से अधिक ऐसी घोषणाएं की हैं जिनसे किसान आत्मनिर्भर बनेंगे। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी सीएम सैनी ने बड़ी घोषणाएं की हैं।  उन्होंने कहा कि नायब सरकार 2000 नए वीटा बूथ खोलेगी जिसमें महिला समूहों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था बजट में की है। मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाकर 1.80 लाख तक किया जिससे और अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।

Advertisement

डा. पूनिया ने कहा कि हर जिले में “हर नारी स्वस्थ नारी“ योजना के तहत ’स्वस्थ नारी क्लीनिक खोलने और निशुल्क दवाईयां देने की घोषणा की है।   छात्रों के लिए भी सरकार ने सभी स्कूलों में डबल डेस्क लगाने के लिए सरकार ने 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, ताकि बच्चों को टाट पट्टी पर ना बैठना पड़े। 12 जिलों में नए स्टेडियम, हर जिला में एक खेलो इंडिया सेंटर खोलने की घोषणा करके मुख्यमंत्री ने युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है।

डा. सतीश पूनिया ने कहा कि सरकार 5 नई ईएसआई डिस्पेंसरी खोलेगी। बजट में मुख्यमंत्री ने औद्योगिक श्रमिकों की वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मुफ्त इलाज व दवाइयां मिलेंगी साथ ही श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय भी खोले जाएंगे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh