पंचकूला में ट्रैफिक पुलिस और पारस हॉस्पिटल टीम ने मुफ्त हेलमेट बांटकर वाहन चालकों को दिलाई सुरक्षा और परिवार की जिम्मेदारी का अहसास

पंचकूला, 12 दिसंबर : सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज पंचकूला ट्रैफिक पुलिस और पारस हॉस्पिटल की टीम ने सेक्टर-11/15 चौक पर एक खास मुहिम चलाई। इस दौरान दुपहिया वाहन चालकों को मुफ्त हेलमेट वितरित किए गए और उन्हें सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया गया। आम तौर पर लोग ट्रैफिक पुलिस को देखकर यह सोचते हैं कि शायद चालान हो जाएगा, लेकिन आज का नज़ारा अलग था। एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह, एसएचओ ट्रैफिक वरिन्द्र कुमार और पुलिस टीम ने वाहन चालकों को रोका और मुस्कुराकर उन्हें हेलमेट पहनाया। चालकों के चेहरे पर पहले हैरानी और फिर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की तारीफ की और बताया कि ऐसे प्रयास दिल को छू जाते हैं।

एसीपी ट्रैफिक ने चालकों से सरल-सी बात कही कि अगर आप घर से यह तय करके निकलेंगे कि हेलमेट पहनना है, तो आपका परिवार हर दिन चैन से रहेगा। एक परिवार के मुखिया के ऊपर घर की पूरी जिम्मेदारी होती है और पूरा घर उसी पर टिका रहता है। इसलिए एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार को बर्बाद कर सकती है। हेलमेट पहनना सिर्फ नियम नहीं है, यह आपके परिवार की सुरक्षा का वादा है।

लोगों ने भी पुलिस के सामने यह वादा किया कि वे अब हर सफर में हेलमेट जरूर पहनेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

इस पहल पर डीसीपी ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा है कि हमारी नजर में हर जान की कीमत है। अगर एक हेलमेट किसी की जिंदगी बचा सकता है, तो यह सबसे बड़ी जीत है। हम बस इतना चाहते हैं कि हर व्यक्ति शाम को अपने घर सुरक्षित लौटे।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी), शिवास कविराज ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस और पारस हॉस्पिटल की टीम ने हेलमेट बांटकर और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता बढ़ाकर बेहतरीन काम किया है। यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और अच्छी पुलिसिंग का उदाहरण है।

Advertisement

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh