नेता सदन नायब सिंह सैनी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दी नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की बधाई

चंडीगढ़, 18 दिसंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन के नेता के रूप में हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष के रूप में चुने जाने पर बधाई दी एवं अभिनंदन किया, जो हरियाणा विधानसभा के इतिहास में पहली बार हुआ है कि विपक्ष के नेता चुने जाने पर सदन के नेता द्वारा नेता प्रतिपक्ष का स्वागत किया गया हो। 

 

मुख्यमंत्री की इस पहल का भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी स्वागत किया और कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं। लोकहित में मनभेद नहीं होने चाहिएं। विपक्ष की ओर से हम केवल राजनीतिक मतभेद तक ही अपने आपको सीमित रखेंगे और यही आशा सत्ता पक्ष से भी है, इस तरह हम जनता की बेहतर तरीके से सेवा कर सकेंगे।

 

नायब सिंह सैनी ने विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते हुए कहा कि 15वीं विधानसभा को विपक्ष के नेता के रूप में भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता मिले हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा की राजनीति का एक ऐसा नाम हैं, जो राजनीतिक अनुभव, विधायी कार्यों की गंभीरता और गहन प्रशासनिक समझ के प्रतीक माने जाते हैं। उन्होंने छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा व संसद तक, हर मंच पर सक्रिय भूमिका निभाई है। इसी विश्वास के बलबूते वे 4 बार लोकसभा तथा 6 बार विधानसभा के लिए चुने गए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में 10 वर्षों तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस महान सदन के नेता भी रहे हैं। उनका संसदीय अनुभव, प्रक्रियाओं की गहरी समझ और विषयों पर उनका मजबूत पकड़, सरकार और विपक्ष, दोनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।    

Advertisement

 

उन्होंने कहा कि विपक्ष का नेता लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वह सरकार की नीतियों पर प्रश्न उठाता है। वह सुझाव देता है और जनता की आवाज़ को सदन तक पहुंचाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे अनुभवी नेता का इस पद पर होना निश्चित रूप से इस सदन की कार्यवाही को अधिक सार्थक, गंभीर और रचनात्मक बनाएगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज विकास के एक नए दौर से गुजर रहा है। प्रदेश की जनता ने हमें ‘नॉन स्टॉप’ सेवा और सुशासन की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश की इस विकास यात्रा में सरकार और विपक्ष, दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि अनुभव और ऊर्जा मिलकर काम करें, तो जनहित के बड़े लक्ष्य आसानी से हासिल किए जा सकते हैं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh