संगठन मजबूत करने को लगेंगे प्रशिक्षण शिविर, दिवाली बाद शुरू होगा अभियान : राव नरेंद्र सिंह

महिला, युवा और संगठनात्मक मुद्दों पर कांग्रेस नेतृत्व ने की विस्तृत समीक्षा 
‘छात्रों की गूंज’ को बूथ स्तर तक पहुंचाने की बनेगी रणनीति : संजय दत्त 
न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 8 सितम्बर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आज कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के राष्ट्रीय अध्यक्षों तथा पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।


सबसे पहले हरियाणा प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पवार के साथ बैठक की। बैठक में जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन प्रशिक्षण शिविरों की शुरुआत दिवाली के बाद की जाएगी। इनका उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, पंचायती राज व्यवस्था, जनहित के मुद्दों, आने वाले समय की चुनीतियों की तैयारी तथा पार्टी की विचारधारा आदि राज्य की विभिन्न समस्याओं, मुद्दों से जुड़े विषयों पर प्रभावी प्रशिक्षण देना होगा।
इसके बाद अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अल्का लांबा तथा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी के साथ बैठक हुई। इसमें महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, पार्टी संगठन में महिलाओं की सक्रिय भूमिका तथा महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस की मांग पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संगठन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा निर्वाचित एवं पूर्व महिला जनप्रतिनिधियों का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में विचार किया गया कि संगठन सृजन अभियान के तहत महिला कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे का गठन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा किया जाए, ताकि महिलाओं की भागीदारी को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा सके।

इसके पश्चात हरियाणा प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चीब, युवा काँग्रेस के प्रदेश प्रभारी सत्यवान गहलोत, हरियाणा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया तथा कार्यकारी अध्यक्ष सोमिल संधू के साथ बैठक की। बैठक में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के सामने खड़ी चुनौतियों पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद हरियाणा युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। इसमें युवाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्नों तथा उनके सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई और इन समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी रोडमैप तैयार करने हेतु पदाधिकारियों से सुझाव लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा कि भाजपा सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की न तो कोई नीति है और न ही नीयत। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस भाजपा सरकार को उसकी ‘कुंभकर्णी नींद’ से जगाने के लिए सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी।
इस अवसर पर प्रभारी संजय दत्त तथा  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अखिल भारतीय युवा काँग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब  के साथ आज युवा कांग्रेस द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे के अपमान, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज की गई झूठी शिकायत के खिलाफ और एच.के.आर.एन कर्मचारियों को नियमित करने की मांग, आदि मांगों को लेकर हरियाणा मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए आयोजित आंदोलन में भी भाग लिया और युवाओं के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस के संघर्ष को समर्थन दिया।
इसके पश्चात हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं प्रभारी संजय दत्त ने प्रदेश में चल रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों की भी समीक्षा की। बैठकों से प्राप्त फीडबैक को सकारात्मक और उत्साहजनक बताते हुए कहा गया कि ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं में संगठन को मजबूत करने को लेकर जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है।

प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह अन्य नेताओं के साथ अब तक चार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सम्मेलनों में संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो चुके हैं। इनमें पिंगनवा (नूंह), बादशाहपुर (गुरुग्राम), शाहाबाद ग्रामीण (कुरुक्षेत्र) और साहा (अंबाला) के सम्मेलन शामिल हैं।
बैठक में SIR अभियान का जिलेवार फीडबैक भी लिया गया तथा इसकी समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रदेश में मंडल स्तर पर संगठन के गठन के लिए चल रहे मैपिंग कार्य की भी समीक्षा की गई और संगठन को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh