महम में 5 अप्रैल को सीएम सैनी की विकास रैली में होगा करोड़ों की परियोजनाओं का शुभारंभ : बड़ौली

नायब सैनी सरकार सभी 90 विधानसभाओं में समान विकास कराने के लिए संकल्पित है : मोहन लाल बड़ौली

रैली बनेगी ‘विकास उत्सव’, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल : रामचंद्र जांगड़ा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 28 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 अप्रैल को महम की अनाज मंडी में आयोजित “महम चौबीसी विकास रैली” को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी महम विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

शनिवार को महम स्थित वाल्मिकी धर्मशाला में रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की सरकारें हरियाणा सहित पूरे देश में 2014 से विकास को राजनीति से ऊपर रखते हुए लगातार जनहित के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार द्वारा प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में समान विकास सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा का विधायक नहीं है, वहां भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Advertisement

बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं हर विधानसभा क्षेत्र की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे न रह जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस रैली को ऐतिहासिक बनाएं।

भाजपा स्थापना दिवस से डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती तक संगठन का व्यापक कार्यक्रम
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा का 47वां स्थापना दिवस 6 अप्रैल को प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर मनाया जाएगा। इस दिन कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करेंगे। उन्होंने कहा कि 13 से 20 अप्रैल तक डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बड़ौली ने कहा कि 13 अप्रैल को दिन में स्वच्छता अभियान और शाम को दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे सप्ताह जनजागरण अभियान चलाकर समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को उजागर किया जाएगा। बड़ौली ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा संगठन है।


वैश्विक तेल संकट के बीच राहत, केंद्र सरकार के संतुलित कदम
प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें 73 डॉलर से बढ़कर 133 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रभावी कूटनीति और आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से देश में तेल, गैस और खाद की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखा है।

बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में दी गई राहत से आम जनता को महंगाई से काफी हद तक बचाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस वैश्विक संकट के बीच संतुलित और दूरदर्शी नीति अपनाकर अपनी अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार की नीतियों पर विश्वास बनाए रखें।

गांव-गांव पहुंचे रैली का निमंत्रण, कार्यकर्ताओं का जोश रचेगा नया कीर्तिमान : जांगड़ा
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “विकास उत्सव” के रूप में आयोजित की जाएगी। रैली को लेकर पूरे महम क्षेत्र में लोगों में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण भी देंगे।

सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि महम की यह विकास रैली क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके लिए विशेष टोलियां गठित करेंगे जो घर-घर जाकर आमजन को रैली का निमंत्रण देगी।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने रैली को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय भी लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, भाजपा नेता महंत सतीश दास, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल, जिला सचिव रेखा रोहिल्ला, सत्यप्रकाश बिसला, ब्लॉक समिति के चेयरमैन नवनीत राठी, महम मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र अहलावत, मोखरा मंडल के अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, सैमान मंडल के अध्यक्ष मनोज पहलवान, लाखन माजरा मंडल के अध्यक्ष अमित चौहान, सीएम एमिनेंट पर्सन जस्सू नाई, जोगिंद्र गिरोत्रा, राजेश शर्मा, पार्षद विनोद गोयल, पूर्व चेयरमैन रामनिवास रोहिल्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद, सरपंच व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh