देश में रोजगार को नई ऊंचाई तक ले जाएगा सहकारिता मंत्रालय, जल्द आएगी भारत टैक्सी : अमित शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह बोले, नायब सैनी को देखता हूँ तो सोचता हूं कि कहां से आती हैं इनमें इतनी हिम्मत 

 

डॉ आराधना सिंह 

पंचकूला। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि नया जमाना आया है मोटरसाइकिल को टैक्सी बनाने का। कई सारी कंपनियां देश में टैक्सी सर्विस का काम करती हैं, मगर उसका मुनाफा ड्राइवर भाइयों तक नहीं जाता है। सहकारिता मंत्रालय एक दो महीने में भारत टैक्सी लाएगा, जिसके मुनाफे की एक एक पाई ड्राइवर भाइयों तक जाएगी। ये देश में रोजगार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। इसमें ड्राइवर भाईयों के लिए इंश्योरेंस की व्यवस्था भी होगी। ग्राहकों को सुविधा भी होगी और टैक्सी ड्राइवर समृद्ध भी होंगे। बहुत कम समय में भारत टैक्सी आने वाली है और जल्द ही ये देश की नंबर वन टैक्सी चलाने वाली कंपनी बन जाएगी। शाह सहकार सम्मेलन के लिए पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। 

 

Advertisement

शाह ने मंच पर मौजूद हरियाणा के मुख्यमंत्री की पीठ ठोकते हुए कहा कि नायब सिंह सैनी को देखता हूँ तो सोचता हूं कि कहां से इनमें इतनी हिम्मत आती है। 24 फसलें एमएसपी पर देते हैं। चुनाव कार्य के लिए हरियाणा आना था तो मैने रात करीब पौन बजे फोन किया कि सैनी ऐसा कर पाओगे, तो उन्होंने कहा कि आप संकल्प पढ़ जाओ, हम कर जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कमाल है इनका, जो फसलें खरीदते हैं, उसका पैसा 48 घंटे में कागजी कार्रवाई करके किसान भाइयों को दे भी देते हैं। सबसे ज्यादा गन्ने का दाम किसी ने दिया तो नायब सिंह सैनी सरकार देती है। सैनी ने ऐसा करके देश के बाकी राज्यों का हिसाब बिगाड़ दिया है। शाह जिस वक्त संबोधन दे रहे थे, मंचासीन मुख्यमंत्री सैनी हाथ जोड़े कृतज्ञता का भाव प्रदर्शित करते रहे। 

 

कार्यक्रम में माइक ठीक करते हुए केंद्रीय मंत्री शाह ने सबको राम राम बोलते हुए कहा, गीता की भूमि पर आकर बहुत खुशी हुई। कृषि और दूध उत्पादन में देश में बड़ा योगदान देने के साथ ही देश के लिए हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी हमेशा पदकों की झड़ी लगाने का काम करते हैं। मोर्चा कोई हो, सीमा पर डटने का हो या खेल का मैदान… हमारे तिरंगे को शान से ऊपर उठाने का काम हरियाणा ने किया है। जमाने पहले आबादी कम थी, फिर भी अमेरिका से लाल गेहूं मंगवाना पड़ता था, ये हरियाणा और पंजाब की भूमि ही है, जिसने देश की आबादी को खाद्यान्न उपलब्ध कराया। आबादी कम होने के बावजूद हमारे हरियाणां की माताओं ने देश को शूरवीर दिए हैं, धाकड़ हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी देश को मेडल्स देने का काम करते हैं।

 

केंद्रीय मंत्री बोले, कृषि और सहकार से किसान समृद्धि की तरफ अग्रसर है। देश की 70 फीसदी आबादी गांव में रहती है और जीवन यापन पशुपालन और कृषि रूप में होता है, ये दोनों व्यवसाय के रूप में बहुत से लोगों को रोजगार देते हैं। इन दोनों से सबसे ज्यादा रोजगार है, इसमें कोऑपरेटिव को जोड़ते हैं तो सवा सौ करोड़ लोगों को जोड़ लेते हैं। गांव की जो बहनें सुबह से शाम तक पशुओं के पीछे लगती हैं, दूध निकालती हैं, गोबर उठाती हैं, जिसे सीधे बेचने पर उतना पैसा नहीं मिलता, जितना मिलना चाहिए।

 

सहकारिता से जुड़ने के बाद बीच में 70 प्रतिशत का अंतर दिखता हैं। उन बहनों के पास पूंजी नहीं है, जहां वह दूध को पॉश्चराइज करके मार्केट में बेचें, गुजरात में अमूल 36 लाख बहनों को 90 हजार करोड़ देता है, जबकि वैसे उन्हें मिलता है 12 हजार करोड़, बड़ा अंतर साफ दिखता है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता मंत्रालय बनाकर रोजगार को सहकारिता से जोड़कर ये संकल्प दिया कि सहकार से समृद्धि। सिर्फ दूध और गोबर देकर ही 50 लाख रुपए से ज्यादा की कमाई करने वाली 100 से अधिक महिलाओं से बीते दिनों वह मिले। ऐसा संभव है सहकार से जुड़कर। पिछले वर्षों में सब्सिडी कृषि की बजाय सस्टेनेबल कृषि के रूप में हमारा देश आगे बढ़ा है। शाह बोले, देश में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए तो कृषि बजट 22000 करोड़ था, जिसे एक लाख 27000 करोड़ रुपए करने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया है।

 

एक बार फिर मुख्यमंत्री सैनी की सराहना करते हुए केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा, हरियाणा में ऐसा कोई गांव नहीं, जिसे 10 से 25 करोड़ रुपए विकास के लिए न मिला हो। इनकी सरकार ने हरियाणा के ऐसे कोने, ऐसी टैल तक पानी पहुंचा दिया, जहां 40 साल से भी नहीं पहुंचा था। सैनी ने तो हरियाणे के किसान को हंसता कर दिया, ये उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अमूल का उदाहरण देते हुए कहा कि स्थापना के समय 2000 लीटर इकट्ठा करता था, आज लाखों करोड़ों लीटर दूध इकट्ठा करता है, लेकिन हमें कम से कम 30 अमूल देश में खड़े करने का काम करेंगे। 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय मंत्री के आगमन का आभार जताते हुए 15 लाख रुपए तक की ब्याजमुक्त लोन सब्सिडी पैक्स को देने का ऐलान किया तो तालियों की आवाज और सैनी की सराहना के स्वर ऑडिटोरियम में गूंज उठे। यहां केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, कृभको के अध्यक्ष सुधाकर चौधरी, मंत्रालय के सचिव आशीष कुमार भूटानी, हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी प्रमुख रूप से मंच पर और प्रदेश के लगभग सभी मंत्री ऑडिटोरियम की दर्शक दीर्घा की अग्रिम पंक्ति में बैठे दिखाई दिए। 

 

 

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh