विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर सरकार विदेशों में और कुरुक्षेत्र के गीता महोत्सव का और भव्य तरीके से करेगी आयोजन : नायब सिंह सैनी

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 का 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक होगा आयोजन

मुख्यमंत्री ने केडीबी की बैठक की अध्यक्षता की

चंडीगढ़, 25 दिसंबर : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर आगामी समय में विदेशों और कुरुक्षेत्र में और भव्य तरीके के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 का आयोजन करेगी। इस महोत्सव के जरिए पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश को देश विदेश के आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन करने के लिए पूरी योजना तैयार करेगी। अहम पहलू यह है कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के सरस और शिल्प मेले का आयोजन 5 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।  इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 14 दिसंबर से 20 दिसंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को चंडीगढ़ स्थित आवास संत कबीर कुटीर पर अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 के आयोजन बारे विस्तार से चर्चा की। इस दौरान केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने मुख्यमंत्री को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समीक्षा बैठक के बाद कहा कि  वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव  के हर कार्यक्रम का भव्य तरीके से आयोजन किया जाएगा।  इसके लिए विदेश मंत्रालय का सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर महोत्सव को और भव्य स्वरूप दिया जाएगा।  कार्यक्रमों का आयोजन जहां प्रदेश में सभी जिला स्तर पर किया जाएगा, वहीं आगामी वर्ष में हरियाणा के प्रमुख और बडे मंदिरों में भी गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इससे पहले गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन कुरुक्षेत्र 48 कोस के तीर्थों पर भी किया जाता था।

Advertisement

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा.अमित अग्रवाल, कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, केडीबी मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, सीईओ केडीबी पंकज सेतिया सहित प्राधिकरण व केडीबी के सदस्य मौजूद थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh