अंबेडकर जयंती पर पंचकूला आएंगे नितिन नबीन, सीएम नायब सैनी भी होंगे शामिल : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यक्रम स्थल का किया दौरा, अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा निर्देश

मंडियों में नायब सैनी सरकार द्वारा की गई व्यवस्था से हरियाणा का किसान संतुष्ट : मोहन लाल बड़ौली

न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला, 11 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि डा. भीम राव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को पंचकूला के सेक्टर-5 परेड ग्राउंउ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, यह कार्यक्रम लगभग 1.30 बजे होगा। उन्होंने कहा कि डा. अंबेडकर की जयंती का यह कार्यक्रम भव्य और ऐतिहासिक होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के साथ सेक्टर-5 परेड ग्राउंड का दौरा किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली के साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना जनसम्पर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित कुमार अग्रवाल, एडिशनल डायरेक्टर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग वर्षा खंगवाल, विभाग के अन्य उच्चाधिकारी सहित उपायुक्त पंचकूला सतपाल शर्मा व डीसीपी पंचकूला मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ौली ने बाबा साहेब की जयंती पर होने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि डा. अंबेडकर की जयंती को भाजपा उत्साह के साथ पूरे प्रदेश में मना रही है। 13 अप्रैल को भाजपा के कार्यकर्ता बाबा साहेब की प्रतिमाओं के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाएंगे और सायं के समय दीपोत्सव होगा। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पूरे प्रदेश मेंं उत्साह और श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।
एक सवाल पर बड़ौली ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा है नहीं, इसलिए विपक्ष के नेता गेहूं की खरीद को मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा का किसान जागरूक है, इसलिए विपक्ष का मंसूबा सफल होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी मंडियों में किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। किसानों को कोई समस्या मंडियों में नहीं हो रही, कई मंडियों में तीन-तीन खरीद एजेंसियां लगाई गई है ताकि किसी भी किसान को कोई समस्या ना आए।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के विधायक, मंत्री, चेयरमैन और खुद कृषि मंत्री मंडियों का दौरा कर रहे हैं। किसानों की फसल का एक-एक दाना नायब सरकार खरीद रही है। मंडियों में नायब सैनी सरकार द्वारा की गई व्यवस्था से हरियाणा का किसान संतुष्ट है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को मंडियों में जाना चाहिए और व्यवस्था को देखना चाहिए। हरियाणा के किसान जानते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी किसानों का भला नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान हितैषी पार्टी है। हरियाणा के किसानों की 24 फसलों को नायब सैनी सरकार एमएसपी पर खरीद रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत के निधन पर दुख जताया 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपीचंद गहलोत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री गहलोत ने अपना सम्पूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन की मजबूती और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व सदैव हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिवार और समर्थकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh