नववर्ष 2026 में अंत्योदय के तीन मूल मंत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगी नायब सिंह सैनी सरकार

हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण करवाना भी सैनी सरकार का लक्ष्य

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की ओर अग्रसर है। नववर्ष में इस अभियान को नई गति देने का काम करेंगे। सरकार अंत्योदय उत्थान के साथ साथ इस नए वर्ष में अंत्योदय के तीन मूल लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करेगी। सैनी वीरवार को हरियाणा निवास में मंत्री डा.अरविंद शर्मा के साथ मीडिया से मुखातिब हुए। हालांकि इसके पहले हरियाणा आईएएस आफिसर्स एसोसिएशन की ओर से दिए लंच में मुख्यमंत्री सैनी सहयोगी मंत्रियों और ब्यूरोक्रेट्स के साथ मौजूद रहे और नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान प्रदान किया।

नए साल की शुरुआत वीरवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट सहयोगियों की मीटिंग के साथ की, जिसमें कई एजेंडों को पास किया। बाद में नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का पहला लक्ष्य महिला सशक्तिकरण करने का है। इसमें दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के जरिए सभी पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। योजना के तहत अब तक 8 लाख महिलाओं को दो किस्तों में 250 करोड़ रु पये प्रदान किए जा चुके हैं। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्रों की माताओं को भी सरकार लाडो लक्ष्मी योजना का लाभी देगी। सैनी ने प्रदेश की महिलाओं से आग्रह किया है कि योजना के तहत पात्र महिलाएं पंजीकरण कर योजना के साथ जुड़े और इसका लाभ उठाएं।

 

सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का दूसरा लक्ष्य युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार प्रदान करना है। सरकार ने 2026 के लिए ड्रिवन रोड मैप तैयार किया है, जिसके तहत गुरुग्राम व पंचकूला में हरियाणा एआई मिशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे और इन केंद्रो में युवा भविष्य की तकनीक जैसे एआई, कुशल रोबोटिक में निपुण बन सकेंगे। सरकार इस पर काम कर रही है। आज ही पुलिस के 5500 कांस्टेबल की भर्ती का विज्ञापन एचएसएससी की ओर से जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने प्रकृति के अनुकूल खेती करने का तीसरा लक्ष्य रखा है। इसके तहत धान के स्थान पर अन्य फसलें उगाने पर किसानों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। योजना के तहत एक लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक खेती के तहत लाने का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण कराना भी हमारा लक्ष्य है। ये प्रोजेक्ट बेहतर कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित करेगा, जिससे दिल्ली के चारों ओर एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा,औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। सरकार ऐसी ही कई नई परियोजनाओं को नए वर्ष में गति देगी। सैनी ने कहा कि सरकार ने कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा ( पानीपत) व शहजादपुर (अंबाला) को नगर पालिका का दर्जा दिया है।

Advertisement

मौके पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अंत्योदय (सेवा) विभाग की एसीएस डा.जी अनुपमा, सीआईडी चीफ एडीजीपी सौरभ सिंह, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) वष्रा खांगवाल, सेवा विभाग के निदेशक प्रशांत पंवार और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।

 

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh