ट्रिपल इंजन सरकार बनने पर पंचकूला में विकास को मिलेगी नई रफ्तार : नायब सिंह सैनी

कांग्रेस महिला विरोधी पार्टी है, महिलाओं के वोट तो लेती है, लेकिन अधिकार देने में अड़ंगा लगाती है : नायब सैनी

बीड घग्गर और रामगढ़ में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने जनता से कांग्रेस का पूरी तरह सफाया करने की अपील की

न्यूज़म ब्यूरोचंडीगढ़, 30 अप्रैल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार आम नागरिक के जीवन को सरल और सुगम बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान और चिरायु योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रदेश में अब तक करीब 27 लाख लोगों का इलाज इन योजनाओं के तहत हो चुका है, जिस पर सरकार लगभग 4 हजार करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग के इलाज की जिम्मेदारी भी मोदी और हरियाणा सरकार की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गरीब व्यक्ति को इलाज की चिंता नहीं करनी पड़ती।


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार देर सायं पंचकूला के बीड घग्गर में मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल और वार्ड 16 से निर्मला देवी तथा वार्ड 17 सुदेश बिड़ला के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ में भी भाजपा प्रत्याशी वार्ड 18 पूजा रानी, वार्ड-19 मनीषा रानी, वार्ड 20 गौतम राणा के लिए जनता से वोट की अपील की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आप लोग कमल के फूल पर बटन दबाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं। श्री सैनी ने कहा कि पंचकूला में तीन गुणा गति से विकास कराने की जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है।
नायब सिंह सैनी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि मोदी और हरियाणा की सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम कर रही है। महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहा है। इसके साथ ही लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये महिलाओं के बैंक खातों में सीधे दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय महिलाओं ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हिमाचल में तो कर्मचारियों के वेतन तक देने में दिक्कत आ रही है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का जो वादा किया था वो अब तक पूरा नहीं हुआ।
नायब सैनी ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस का रुख हमेशा नकारात्मक रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का कांग्रेस ने विरोध किया जिससे कांग्रेस की सोच स्पष्ट हो गई कि कांग्रेस महिलाओं को उनके अधिकार देने के पक्ष में नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को विकास में बराबर की भागीदारी देना चाहती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा इसका विरोध किया है।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले लगभग साढ़े 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने पंचकूला के विकास के लिए 547 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी सरकार है जो बिना भेदभाव के हर क्षेत्र का समान विकास करती है। पंचकूला में विकास की यात्रा को तेज गति देने के लिए आप सभी लोग हर वार्ड में कमल का फूल खिलाए और भाजपा मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल को जिताएं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल और सभी वार्डों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचकूला के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है और आगे भी जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि 10 मई को हर वार्ड में कमल खिलाकर ट्रिपल इंजन सरकार बनाएं, जिससे पंचकूला के विकास को नई दिशा और गति मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता, विकास और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ रही है और जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरेगी।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लतिका शर्मा, रंजीता मेहता, जसमेर सिंह बंजारा, उपेंद्र आहलूवालिया सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh