अपने दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए तैयार हो रही सुपवा, कुलगुरू आर्य ने लिया जायजा

कुलगुरु के साथ एडिशनल एसपी ने तैयारियों व सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

न्यूज़म ब्यूरो

2 मई, रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के दूसरे दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। शनिवार को यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ अमित आर्य व रोहतक के एडिशनल एसपी आयुष यादव ने तैयारियों व सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। समारोह के दौरान अलग-अलग सत्र में ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट हुए 760 छात्रों को डिग्री दी जाएगी।

डीएलसीसुपवा में 4 मई को दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति व प्रदेश के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष करेंगे। वहीं, प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि रहेंगे। राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष रविवार को ही यूनिवर्सिटी में पहुंच जाएंगे और यहां पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। रविवार रात को यूनिवर्सिटी में ठहरेंगे और सोमवार सुबह दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। आयोजन में किसी तरह की कोई कमी न रह जाए, इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन जरूरी प्रोटोकॉल के हिसाब से तैयारियों को पूरा करने में लगा हुआ है।

शनिवार को कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने तैयारियों का पूरा जायजा लिया और तैयारियों में लगे स्टाफ सदस्यों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उनके साथ रोहतक के एडिशनल एसपी आयुष यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर सभी तरह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कुलगुरु के साथ पूरे यूनिवर्सिटी परिसर व आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वीआईपी एंट्री व एग्जिट, उनके ठहरने, पार्किंग व सुरक्षा संबंधित अन्य मुद्दों पर उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के साथ विस्तार से चर्चा की।

Advertisement

114 पोस्ट ग्रेजुएट व 646 ग्रेजुएट छात्रों को मिलेगी डिग्री 
यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने बताया कि यूनिवर्सिटी का पहला दीक्षांत समारोह 2021 में आयोजित हुआ था और उसके बाद अब दूसरा समारोह हो रहा है। ऐसे में इसे लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन व छात्र उत्साहित हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि आयोजन में किसी तरह की कमी न रह जाए। समारोह के दौरान कुल 760 छात्रों को डिग्री दी जाएंगी। इनमें 114 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को डिग्री दी जाएगी। उन्होंने बताया कि साल 2018 – 19 बैच के 42 छात्रों के लिए यह एक समारोह एक यादगार लम्हा बनेगा। क्योंकि इस साल 100 दिन के कठिन शूट शेड्यूल के बाद उनकी डिग्री पूरी हो पाई है और उन्हें इस समारोह में डिग्री दी जाएगी।

यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डिग्री पाने वाले छात्रों के लिए वह पल यादगार बनें, इसके लिए जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट आदि भी बनाए जा रहे हैं, जहां डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र अपने विचार भी प्रस्तुत कर सकेंगे और इस यादगार लम्हों को अपने मोबाइल के कैमरा में कैद भी कर सकेंगे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh