पुलिस लाइन में लगे रक्तदान शिविर में डीसीपी सृष्टि गुप्ता समेत 57 पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान
52वीं बार रक्तदान करने वाले होमगॉर्ड सुरजीत की डीसीपी ने थपथपाई पीठ, ऐसा सेवा भाव सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया
न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 15 जनवरी : समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा आज पुलिस लाइन में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जीएमसीएच, सेक्टर-32, चंडीगढ़ की चिकित्सीय टीम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर की शुरुआत खुद डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने रक्तदान करके की, जिसके बाद एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह समेत विभिन्न रैंकों के कुल 57 पुलिसकर्मियों ने स्वेच्छा से रक्त एकत्र करवाया।

शिविर के दौरान रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने सभी को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा, “आपके द्वारा दिया गया रक्त मात्र महज एक खून की इकाई नहीं है, बल्कि किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान है। आपकी इस छोटी सी पहल से किसी की सर्जरी सफल हो पाएगी और किसी परिवार का चिराग बुझने से बच जाएगा।”
इस शिविर में हरियाणा पुलिस के होमगार्ड सुरजीत कुमार विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रहे। होमगार्ड सुरजीत, जो वर्तमान में पंचकूला में सेफ्टी कोर्स के लिए आए हुए हैं, उन्होंने आज 52वीं बार रक्तदान कर एक मिसाल कायम की।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने उनकी जमकर सराहना की और उन्हें 'हरियाणा पुलिस की शान व जीवनरक्षक' के शीर्षक से नवाजा। उन्होंने कहा कि सुरजीत का सेवा भाव हम सभी के लिए सीखने योग्य है।

इस पुनीत कार्य पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा: पंचकूला पुलिस के जवानों ने आज वर्दी के साथ-साथ इंसानियत का भी फर्ज बखूबी निभाया है। समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी सीमाओं से परे है।

मुझे गर्व है कि हमारे अधिकारी और जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद हैं, बल्कि जीवन बचाने के इस महायज्ञ में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। सुरजीत कुमार जैसे जवान पूरी फोर्स के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।”

कार्यक्रम के अंत में डीसीपी ने डॉ. रितिक के नेतृत्व में आई जीएमसीएच-32 की मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वेलफेयर इंस्पेक्टर पृथ्वी सिंह, इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका, लाइन ऑफिसर अजब सिंह, सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह, एएसआई रामेश्वर दास और एएसआई हरदयाल सिंह सहित कई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।