राष्ट्रसेवा व अंत्योदय की विरासत आगे बढ़ा रही हैं सामाजिक संस्थाएं : नायब सिंह सैनी

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 14 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की महानता उसकी आर्थिक समृद्धि से नहीं, बल्कि  कमजोर, असहाय और जरूरतमंद लोगों के प्रति उसके व्यवहार से मापी जाती है। जो समाज अपने वंचित और जरूरतमंद वर्ग की चिंता करता है, वही वास्तव में प्रगतिशील और संवेदनशील समाज कहलाता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के लुधियाना में एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सम्बंधित सोसाइटी को 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1997 में स्वर्गीय जगदीश बजाज द्वारा शुरू किया गया यह सेवा अभियान आज एक विशाल जनकल्याणकारी आंदोलन का रूप ले चुका है। लगातार 346 महीनों तक जरूरतमंद विधवा माताओं और बहनों तक सहायता पहुंचाना अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

Advertisement

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है हरियाणा सरकार

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार माताओं, बहनों और बेटियों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। प्रदेश में विधवा महिलाओं को 3,200 रुपये मासिक पेंशन प्रदान की जा रही है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही है, जबकि हर घर-हर गृहिणी योजना के अंतर्गत 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना, लखपति दीदी अभियान, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण तथा महिला सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 81 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 31 कॉलेज विशेष रूप से छात्राओं के लिए स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार बेटियों को स्नातकोत्तर स्तर तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना है। उन्होंने कहा कि लुधियाना में विधवा माताओं और बहनों को सहायता उपलब्ध कराने का यह अभियान अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास है। ऐसी सामाजिक संस्थाएं राष्ट्रसेवा, मानवता और जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करते हुए समाज को नई दिशा प्रदान कर रही हैं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh