मेयर शामलाल बंसल के विरुद्ध जांच रिपोर्ट 1–2 हफ्ते में मंडलायुक्त को भेजी जाएगी : निगम आयुक्त

इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने लंबित जांच में देरी पर जताई कड़ी आपत्ति

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 20 जुलाई। इंडियन नेशनल लोकदल  के प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर निगम पंचकूला के आयुक्त से मुलाकात कर मेयर के विरुद्ध लंबित शिकायतों की जांच में हो रही देरी को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष (शहरी) एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने किया।

ज्ञापन में कहा गया कि डिवीजनल कमिश्नर, अंबाला द्वारा 16 जून 2026 तथा उपायुक्त पंचकूला द्वारा 23 जून 2026 को जांच के स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जांच पूरी नहीं की गई। इससे प्रशासन की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा आम जनता में गलत संदेश जा रहा है।

मनोज अग्रवाल ने कहा कि कानून और प्रशासन सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि किसी जनप्रतिनिधि के विरुद्ध शिकायतों की जांच के आदेश दिए जा चुके हैं, तो उसे अनावश्यक रूप से लंबित रखना न्याय और पारदर्शिता की भावना के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि जांच शीघ्र पूरी कर उसकी रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी को भेजी जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Advertisement

नगर निगम आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जांच की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर एक से दो सप्ताह के भीतर डिवीजनल कमिश्नर, अंबाला को भेज दी जाएगी।

मनोज अग्रवाल ने कहा कि वह इस मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं और यदि निर्धारित अवधि में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई तो लोकतांत्रिक एवं कानूनी माध्यमों से आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर इनेलो प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष (शहरी) एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सतिंद्र टोनी, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष गुरदिश, पार्षद पद के पूर्व प्रत्याशी अंकुश निषाद, हरपाल बावा तथा सतीश कुमार उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh