हरियाणा लोक भवन में निभाई गईं परंपराएं, CM ने झुलाया गवर्नर को झूला

हरियाणा लोक भवन में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया तीज पर्व

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने दी तीज की हार्दिक शुभकामनाएं, कलाकारों के लिए 5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई; पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया व उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी हुए शामिल

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 16 अगस्त। हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक तीज पर्व आज हरियाणा लोक भवन में बड़े उत्साह, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों, कलाकारों, महिलाओं, बच्चों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कामना की कि तीज का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शानदार कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान की प्रशंसा की। राज्यपाल ने समारोह में भाग लेने वाले कलाकारों के लिए 5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रदेशवासियों को तीज पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और पारंपरिक मूल्यों का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ परिवार एवं समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Advertisement

समारोह में हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया एवं उनकी धर्मपत्नी तथा पंजाब की प्रथम महिला अनीता कटारिया, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

हरियाणा लोक भवन में तीज के अवसर पर विशेष रूप से उत्सव का माहौल देखने को मिला। परिसर में पारंपरिक रूप से सजाए गए झूले महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा  पारंपरिक सजावटी वस्तुओं और मौसमी व्यंजनों से संबंधित विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए। महिलाओं और बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उत्सव का आनंद उठाया।

इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने हरियाणा की लोक संस्कृति, परंपराओं, इतिहास और ग्रामीण जीवन को दर्शाते हुए मनमोहक लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए। कलाकारों ने देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भी मनोहारी झलक प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। आगंतुकों ने पारंपरिक व्यंजनों और मौसमी मिठाइयों का भी आनंद लिया।

समारोह में अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्त आयुक्त, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, डॉ. सुमिता मिश्रा, राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh