26161 ट्रांसफामर्स की खरीद मंज़ूर, लाइनमैनों को मिलेंगे सुरक्षा उपकरण

हरियाणा सरकार का बिजली सुधारीकरण पर विशेष जोरहाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में 26161 ट्रांसफामर्स की खरीद को स्वीकृति

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नैगोशिएशन कर तय से कम दरों में खरीद को दी हरी झंडी

लाइनमैन व सहायक लाइनमैनों को मिलेंगी सुरक्षा उपकरणों की विशेष टी एंड पी किट

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा निवास में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (एचपीपीसी) की बैठक में प्रदेश की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने हेतु बिजली निगमों के लिए 26161 ट्रांसफार्मर्स की खरीद को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही प्रदेश में कार्यरत लाइनमैन व सहायक लाइनमैनों की सुरक्षा के लिए 5000 से 7500 की संख्या में टी एंड पी किट की खरीद को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी द्वारा विभिन्न बिजलीघरों में जीआईएस-बे के निर्माण कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नैगोशिएशन करते हुए ट्रांसफार्मर्स व सुरक्षा किट की खरीद तथा जीआईएस-बे के निर्माण कार्य के लिए फर्मों के साथ निर्धारित से भी कम दरों पर सहमति कायम की।

एचपीपीसी की बैठक में डीएचबीवीएन के लिए थ्री-फेस के 11केवी/433-250वी, 400 केवीए के 100 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर्स, एचवीपीएनएल के लिए 40/50 एमवीए, 132/33 केवी के 28 पावर ट्रांसफामर्स, 25/33.5 एमवीए, 66/11 केवी के 33 पावर ट्रांसफामर्स तथा यूएचबीवीएनएल के लिए 100 केवीए के 26000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफामर्स की खरीद को हरी झंडी दी गई।

इसके अलावा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम व उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत लाइनमैन व सहायक लाइनमैन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा पहली बार 5000 से 7500 की संख्या में विशेष टी एंड पी किट खरीदी जाएंगी जिसमें 14 आइटम होंगे। इनके अलावा हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी द्वारा विभिन्न बिजलीघरों में 81 करोड़ रुपये की लागत से जीआईएस-बे का निर्माण कार्य करवाने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की ओर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि जहां जरूरत हों वहां पर्याप्त संख्या में ट्रांसफामर्स उपलब्ध करवाए जाएं और एमरजेंसी के लिए भी सभी बिजली निगमों के पास पर्याप्त बैकअप मौजूद हो। उन्होंने कहा कि बिजली निगमों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर आज हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश के लिए ट्रांसफामर्स तथा सुरक्षा किट को प्राथमिकता के आधार पर हरी झंडी दी गई है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशीमा बराड़, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लि. के प्रबंध निदेशक तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव विक्रम सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh