दिशा बैठक को गंभीरता से लें अधिकारी, कागजी रिपोर्ट नहीं जमीनी हकीकत चाहिए : कुमारी सैलजा

गंदगी, बदहाल शौचालय और अधूरे विकास कार्यों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों से मांगा जवाब

न्यूज़म ब्यूरो

जींद, 27 अगस्त। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य तथा जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) जींद की अध्यक्ष कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में स्थानीय डीआरडीए सभागार में दिशा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में हिसार के सांसद जयप्रकाश, सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, डीसी डॉ. वैशाली शर्मा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी प्रदीप कुमार, डीएमसी अनिल दून, एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा, एसडीएम जुलाना होशियार सिंह, उचाना एसडीएम रमित यादव, नरवाना एसडीएम जगदीश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कुमारी सैलजा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दिशा की बैठक को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि पूरी गंभीरता से लें। विभागों की ओर से प्रस्तुत की जाने वाली जानकारी सही, तथ्यात्मक और जमीनी स्थिति पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर गलत अथवा अधूरी जानकारी देना गंभीर मामला है। अधिकारी मौके की वास्तविक स्थिति देखकर ही रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक के दौरान नरवाना में गंदगी, सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति और विभिन्न विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से संबंधित फोटोग्राफ अधिकारियों को दिखाए गए। कुमारी सैलजा ने तस्वीरों का हवाला देते हुए कहा कि जब धरातल की स्थिति कुछ और दिखाई दे रही है तो विभागीय रिपोर्ट में अलग तस्वीर पेश नहीं की जानी चाहिए। अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों में सही सूचना देने के साथ समस्याओं का समयबद्ध समाधान भी करना होगा। बैठक में दिल्ली-पटियाला हाईवे की सफाई व्यवस्था और कई स्थानों पर सर्विस रोड के अवरुद्ध होने का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया।

Advertisement

कुमारी सैलजा ने कहा कि हाईवे और सर्विस रोड पर गंदगी तथा अवरोध आम नागरिकों के लिए परेशानी पैदा करते हैं और दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति देखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। नरवाना शहर के सार्वजनिक शौचालयों की खराब सफाई व्यवस्था पर भी उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा। पुरानी अनाज मंडी में नया सार्वजनिक शौचालय तैयार होने के बावजूद बंद रहने की जानकारी सामने आने पर संबंधित विभाग को इसे आम जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार पुरानी अनाज मंडी, हुडा ग्राउंड, मॉडल टाउन और विश्वकर्मा चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था का मामला भी तस्वीरों के माध्यम से अधिकारियों के सामने रखा गया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि केवल रिपोर्ट में सफाई दिखाने से काम नहीं चलेगा, शहर में वास्तविक रूप से नियमित सफाई और कूड़ा उठान सुनिश्चित होना चाहिए। कुमारी सैलजा ने कहा कि जनता को सुविधाएं कागजों में नहीं, धरातल पर मिलनी चाहिए। अधिकारी सफाई, शौचालय, सडक़, सर्विस रोड और विकास कार्यों से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से दूर करें। दिशा की आगामी बैठकों में विभागों द्वारा दी जाने वाली जानकारी पूरी तरह सही और सत्यापित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों को बिना अनावश्यक विलंब के पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में दूरसंचार, रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, जनस्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निकाय, बिजली, बैंकिंग, कृषि, शिक्षा और सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों से योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति का फीडबैक लिया गया।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh