ब्रह्म सरोवर सहित कुरुक्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण की सरकार ने बनाई व्यापक योजना : CM सैनी

कुरुक्षेत्र के सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्यों के टेंडर जारी, अन्य टेंडर भी प्रक्रियाधीन – मुख्यमंत्री

गीता द्वार का कार्य प्रगति पर, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का भी किया जाएगा विस्तार

रेलवे एलिवेटेड ट्रैक से कुरुक्षेत्र को रेलवे फाटकों से मिली मुक्ति, शहर की कनेक्टिविटी हुई बेहतर –  मुख्यमंत्री

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 1 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाले धार्मिक स्थल कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर सहित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की व्यापक योजना राज्य सरकार ने तैयार की है। योजना के तहत विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कई कार्यों के टेंडर लगाए जा रहे हैं, जबकि रेस्ट हाउस सहित अन्य कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं।

Advertisement

मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान विधायक अशोक अरोड़ा द्वारा ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र के संबंध में पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा ने ब्रह्म सरोवर को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है और पूर्व में भी इस विषय को उठाया था। संबंधित मंत्री द्वारा इस संबंध में सदन को विस्तार से जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ब्रह्म सरोवर और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पूरी योजना बनाई है। रेस्ट हाउस सहित विभिन्न कार्य टेंडर प्रक्रिया में हैं और आने वाले समय में योजनाबद्ध ढंग से इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में कुरुक्षेत्र में श्री गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस मनाया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए थे। कुरुक्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए सरकार ने इसके समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पूरी कार्ययोजना तैयार की है और उसी के अनुरूप कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया है। उन्होंने कहा कि जब मनोहर लाल मुख्यमंत्री थे और वे स्वयं सांसद थे, उस समय इस परियोजना को लेकर बात रखी गई थी। आज रेलवे एलिवेटेड ट्रैक बनकर तैयार हो चुका है। इस परियोजना से शहर को रेलवे फाटकों की समस्या से मुक्ति मिली है और शहर की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का तेजी से निर्माण सराहनीय है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार कुरुक्षेत्र की धार्मिक एवं ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप इसके विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh