हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’: रस्तोगी

जनभागीदारीजनसेवा और जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं की पहुंच पर रहेगा जोर

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने की तैयारियों की समीक्षा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 02 सितंबर। हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा और परिवर्तनकारी सुशासन मुहैया करवाने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को समन्वित, समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

अभियान का प्रमुख घटक ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ होगा। इसके तहत ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता प्रदान की जाएगी।

प्रत्येक ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा सेतु केंद्र’ स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया में सहायता तथा लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्य सचिव ने विभागों को खंडवार कार्यक्रम तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने तथा लक्षित लाभार्थियों तक पहुंच के लिए लाभार्थी डेटाबेस तैयार रखने के निर्देश दिए।

युवाओं एवं बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी देश के विकास की उपलब्धियों तथा बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को अपने घर, पड़ोस, गांव, स्कूल, कार्यस्थल तथा सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, वंचित बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरे को अलग करना, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों तथा दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल-कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से संबंधित गतिविधियां आयोजित होंगी। स्वास्थ्य और शिक्षा विभागों के राज्य स्तरीय अधिकारी इसके क्रियान्वयन एवं निगरानी में तालमेल करेंगे, जबकि जिला स्तर के अधिकारी स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

अभियान के दौरान देश के युवाओं की रचनात्मक एवं तकनीकी क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’ भी शुरू की जाएगी। इसके तहत युवा उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों को डिजिटल समाधान और जमीनी स्तर पर सुशासन से जुड़े उपयोगी एवं व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

एक माह तक चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ संपन्न होगा। इसमें लगभग 1.25 लाख निर्वाचित  प्रतिनिधियों, जिनमें ग्राम सरपंच, नगर निकायों के प्रतिनिधि तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, के भाग लेने की योजना है। इस अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों का सामूहिक गायन भी प्रस्तावित है।

मुख्य सचिव रस्तोगी ने बैठक के दौरान सभी गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने, स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने, विभागों के बीच प्रभावी समन्वय तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को नागरिकों के और करीब ले जाना, पात्र लाभार्थियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा हरियाणा में सामुदायिक सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को व्यापक बनाना है।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ जी. अनुपमा, उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) विवेक कालिया, संयुक्त निदेशक मानव मलिक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh