मोदी जी के जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का पर्व है सेवा संकल्प अभियान : डॉ अर्चना गुप्ता
सेवा संकल्प अभियान में सूरजकुंड में होगा जनसेवक महाकुंभ
वीरवार को सरकार-संगठन स्तर पर तैयारियों पर होगी विस्तृत चर्चा
एक माह तक चलेंगे सेवा, संवाद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 7 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार और संगठन मिलकर जन-जन को अभियान का भागीदार बनाने को लेकर 10 सितंबर को एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। अभियान के समापन अवसर पर प्रदेश के सूरजकुंड में जनसेवक महाकुंभ का भी आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि विकसित भारत का संकल्प लेंगे।
सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने चंडीगढ़ में प्रेस कांन्फ्रेंस के दौरान सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा में इसे व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा। डॉ गुप्ता ने बताया कि 10 सितंबर को सरकार और संगठन की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उनका पूरा मंत्रिमंडल तथा प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया के साथ होगी, जिसमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ता परिवारों और लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे, वहीं विभिन्न संगठनों के साथ रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके बाद कार्यक्रमों की श्रृंखला सेवक चित्र, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, वड़नगर से वाराणसी, सेवा ज्योति यात्रा, 25 साल-25 कहानी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा रंग, हैकाथान एवं इनोवेशन व जनसेवक महाकुंभ का आयोजन होगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और आमजन के बीच कड़ी बनकर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर जहां प्रदेश सरकार स्तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, वहीं भाजपा द्वारा भी प्रदेश स्तर पर सभी कार्यक्रमों के संयोजक, सह संयोजको, जिला व मण्डल स्तर तक ड्यूटियां लगाई जा चुकी हैं। बीते 3 दिनों में जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान कार्यशालाओं का आयोजन करते हुए कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जा चुका है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।