जिलावार सर्वश्रेष्ठ IDEA होंगे सम्मानित, राज्य स्तर के श्रेष्ठ विचार पाएंगे सम्मान

सेवा संकल्प अभियान को सेवा और नवाचार से जोड़कर युवाओं के विचारों को मिलेगा मंच : डॉ. अरविंद शर्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर नेशनल इनोवेशन चैलेंजेज पर रहेगा विशेष फोकस

वेबसाइट होगी लॉन्च, हरियाणा भर से जुटाए जाएंगे इनोवेटिव आइडिया

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 9 सितंबर। प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर सेवा, नवाचार और परिणाम से जोड़ा जाएगा। अभियान के तहत उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े नेशनल इनोवेशन चैलेंजेज के माध्यम से प्रदेश के युवाओं, स्टार्टअप्स और नए विचार रखने वालों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

Advertisement

डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उद्योग एवं वाणिज्य तथा एमएसएमई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि एक विशेष वेबसाइट लॉन्च की जाए, जिसके माध्यम से हरियाणा के सभी जिलों से युवाओं, स्टार्टअप्स और नवाचार करने वालों के इनोवेटिव आइडिया आमंत्रित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि प्राप्त विचारों में से प्रत्येक जिले के सर्वश्रेष्ठ इनोवेटिव आइडिया का चयन कर उन्हें जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ एवं व्यावहारिक विचारों का चयन कर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाए। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली युवाओं के विचार केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रहें, बल्कि उपयोगी विचारों को वास्तविक स्वरूप देने के लिए आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को हमेशा सर्वोपरि रखा है। उनका स्पष्ट संदेश रहा है कि शासन और राजनीति का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। प्रधानमंत्री के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आज करोड़ों देशवासियों का सामूहिक संकल्प बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य पर हमेशा भरोसा किया है। स्टार्टअप, कौशल, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार तलाशने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया है।

उद्योगों की वास्तविक समस्याओं पर काम करेंगे युवा

डॉ. अरविंद शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेशनल इनोवेशन चैलेंजेज को व्यावहारिक और परिणामोन्मुखी बनाया जाए। प्रदेश के उद्योगों के सामने आने वाली वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उन्हें युवाओं और स्टार्टअप्स के सामने रखा जाए, ताकि वे आधुनिक तकनीक और नए विचारों के माध्यम से उनके समाधान प्रस्तुत कर सकें।

उन्होंने कहा कि बेहतरीन विचार केवल प्रस्तुति या कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उपयोगी समाधान सामने आने पर उन्हें धरातल पर उतारने के लिए विभागीय स्तर पर सहयोग की संभावनाएं तलाश की जाएं। इससे उद्योगों को नए समाधान मिलेंगे और प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

जन्मदिवस को सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ें

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस केवल शुभकामनाएं देने या उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रत्येक कार्यक्रम का वास्तविक लाभ समाज तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा का संकल्प लेने के साथ प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को पहचान, मंच और सम्मान मिले तथा उनके श्रेष्ठ विचार हरियाणा के विकास में भागीदार बनें।

बैठक में एमएसएमई के महानिदेशक डॉ यश गर्ग, अभियान सह-प्रभारी संदीप श्योराण, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक सतीश कुमार, हारट्रॉन के प्रोजेक्ट मैनेजर चरण सिंह भंडारी, आईटी सेल से नितिन बंसल एवं निजी सचिव सुनील लाकड़ा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh