मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सहकारिता विभाग की बजट घोषणाओं की करी समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

गरीब परिवारों की आय के साधन बढ़ाने हेतु गांवों में मिल्क प्रोड्यूसर्स सोसायटियाँ स्थापित की जाएं : मुख्यमंत्री

 

वीटा बूथों पर दूध उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के विकल्प तलाशे जाएं

 

चंडीगढ़, 3 दिसंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गरीब परिवारों की आय के साधन बढ़ाने के उद्देश्य से गांवों में मिल्क प्रोड्यूसर्स सोसायटियाँ स्थापित की जाएँ। इन सोसायटियों में विधवाओं, स्वयं सहायता समूहों और अंत्योदय परिवारों को प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री बुधवार को सहकारिता विभाग की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

Advertisement

 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत सोसायटियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान शीघ्र करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा सहकारिता विभाग को आपसी समन्वय के साथ योजनाएँ तैयार कर पशुपालकों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीब परिवारों के लिए स्थायी आय के साधन विकसित करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दूध की खपत बढ़ाने के लिए वीटा बूथों पर दूध आधारित अन्य उत्पादों की बिक्री के नए विकल्प तलाशे जाएँ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सभी सहकारी चीनी मिलों को लाभकारी बनाने के लिए भी सक्रिय कदम उठाए जाएँ।

 

बैठक में बताया गया कि बजट घोषणा के अनुरूप वर्तमान वित्तीय वर्ष में तीन खंडों में मिल्क कलेक्शन सेंटर तथा दो जिलों में मिल्क चिलिंग सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अलावा, हैफेड द्वारा सरसों तेल मिल और सूरजमुखी तेल मिल स्थापित करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

 

मुख्यमंत्री ने विभाग की अन्य घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समयावधि में कार्य पूर्ण कर उन्हें ज़मीनी स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री मोहम्मद शाइन, हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल संघ के प्रबंध निदेशक श्री शक्ति सिंह, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक श्री रोहित यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। 

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh