न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़ । भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का महम विधानसभा क्षेत्र पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रहित के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की यही ताकत भाजपा को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाती है और इसी ऊर्जा के बल पर भाजपा लगातार जनसेवा का विस्तार कर रही है।
अपने महम प्रवास के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वागत समारोह को संबोधित करने के अलावा महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम में प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद किया तथा महम कम्युनिटी सेंटर में आयोजित तीज उत्सव में भाग लेकर भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और नारी शक्ति का संदेश दिया।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और सुशासन का नया अध्याय लिख रहा है। प्रदेश में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। महम क्षेत्र में भी घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने सहित अनेक विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
विभाजन की विभीषिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश का विभाजन भारतीय इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सत्ता की लालसा के कारण देश को विभाजन जैसी त्रासदी झेलनी पड़ी। लाखों परिवार उजड़ गए, महिलाओं पर अमानवीय अत्याचार हुए, मासूम बच्चों की निर्मम हत्याएं हुईं और लाशों से भरी रेलगाड़ियां भारत पहुंचीं। उन्होंने कहा कि विभाजन का दर्द आज भी करोड़ों भारतीयों की स्मृतियों में जीवित है और इतिहास से सीख लेकर राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए समर्पित किया है। उनका नेतृत्व सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है।

भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि, कांग्रेस में परिवार सर्वोपरि
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस आज परिवारवाद और स्वार्थ की राजनीति में उलझकर रह गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब “बाबू-बेटे” की पार्टी बन चुकी है, जहां कार्यकर्ताओं से अधिक महत्व एक परिवार को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च जिम्मेदारियां प्राप्त कर सकता है और यही भाजपा की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक युवाओं को भ्रमित करने और झूठ फैलाने का काम किया, लेकिन आज का युवा जागरूक है और विकास की राजनीति को पहचानता है।

पेपर लीक पर कठोर कानून, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
डॉ. गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अनेक बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कठोर कानून बनाकर पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई का रास्ता तैयार किया है ताकि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके।

किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा सरकार
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी दी जा रही है, किसानों का एक-एक दाना खरीदा जा रहा है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों के खातों में प्रतिवर्ष ₹6,000 की सहायता राशि भेजी जा रही है।
महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महिला सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाडो लक्ष्मी योजना, रियायती गैस सिलेंडर, आवास योजनाएं और शौचालय निर्माण जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करके दिखाती है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।