बाजरे की खरीद में किसानों के साथ अन्याय कर रही सरकार, नाजायज शर्तें लगाकर किसान वर्ग को किया जा रहा परेशान : राव नरेंद्र सिंह
न्यूज़म ब्यूरो
नारनौल, 14 अक्टूबर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा को नारनौल प्रशासन द्वारा विज्ञापन स्थल (Advertisement Point) के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और इस मुद्दे को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा ।
इस विषय पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राजीव गांधी देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित महान नेता थे। देश के विकास, आधुनिक तकनीक, संचार क्रांति और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी प्रतिमा का उपयोग विज्ञापन लगाने के लिए किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और प्रतिमा की गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नारनौल मंडी का दौरा कर किसानों से मुलाकात की और कहा कि भाजपा सरकार किसान वर्ग को राहत देने के बजाय उस पर नाजायज शर्तें थोपकर परेशान कर रही है। बाजरे की खरीद को लेकर किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की नीतियों के कारण किसानों को अपनी मेहनत की फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2,900 प्रति क्विंटल निर्धारित है, लेकिन किसानों को खरीद के दौरान ₹2,100 से ₹2,200 प्रति क्विंटल के भाव मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि किसानों को घोषित एमएसपी के अनुसार अपनी फसल का मूल्य नहीं मिल रहा है, तो यह उनके साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है, लेकिन जब अपनी उपज बेचने का समय आता है, तो उसे सरकारी शर्तों, नियमों और खरीद व्यवस्था की जटिलताओं से जूझना पड़ता है।
जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ के अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया ने कहा कि महापुरुषों और देश के महान नेताओं की प्रतिमाएं हमारी ऐतिहासिक विरासत और प्रेरणा का प्रतीक होती हैं। इन प्रतिमाओं के आसपास सम्मानजनक व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न राजीव गांधी जी की प्रतिमा को विज्ञापन स्थल के रूप में इस्तेमाल किए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राजीव गांधी जी के विचारों का सम्मान करने वाले लोगों में रोष है। जिला कांग्रेस कमेटी इस मामले में अपना विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से मांग करती है कि प्रतिमा के आसपास से विज्ञापन संबंधी सामग्री हटाई जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था की जाए।
हरियाणा की पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) अनिता यादव ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तीकरण, पंचायती राज व्यवस्था और तकनीकी विकास को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान को देखते हुए उनकी प्रतिमा के प्रति सम्मान बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी महापुरुष की प्रतिमा को विज्ञापन स्थल के रूप में इस्तेमाल करने के बजाय उसे सम्मान और प्रेरणा के प्रतीक के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में उचित कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महान नेताओं की प्रतिमाओं की गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर राव होशियार सिंह , सूरज बोहरा , ब्लॉक अध्यक्ष मनपाल यादव , सुमेर प्रधान , राम किशन , दलीप चेयरमैन , राज कुमार , सुमेर चेयरमैन , सुमेर सरपंच , बलवंत , डॉ राज सुनेश , प्रेम यादव , रविंद्र यादव , विनोद सरपंच , अविनाश , जयपाल सरपंच , रमेश यादव , प्रो राजबीर , महताब , राम सिंह जोया , सरजीत नंबरदार , तोता राम , कृष्ण पंच , पुरुषोत्तम चेयरमैन , अनिल सैनी , अमर सिंह , राजन , विकास फौजदार , संदीप नूनीवाल , राजू अग्रवाल , तेजपाल यादव , जसवंत भाटी , नीर सिंह , नंदलाल , अजीत सरपंच जीतू माँदी , विक्रम अवाना सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।