कांग्रेस अनुशासन समिति की महत्वपूर्ण बैठक में फरीदाबाद की घटना पर हुई गहन चर्चा

न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 19 अक्टूबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, चंडीगढ़ में अनुशासन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पूर्व सांसद एवं समिति के सदस्य श्री धर्मपाल सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में पार्टी से जुड़े विभिन्न अनुशासनात्मक मामलों, आपसी मतभेदों तथा संगठनात्मक मर्यादाओं से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
समिति के सदस्य सचिव रोहित जैन ने बताया कि बैठक में फरीदाबाद की घटना को लेकर गहन चर्चा की गई। इस संबंध में पराग शर्मा बल्लभगढ़ की ओर से जवाब प्राप्त हो चुका है, जबकि गजना लांबा का जवाब अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। समिति ने निर्णय लिया कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त स्थिति के अनुसार मामले पर पुनः विचार-विमर्श किया जाएगा तथा उचित निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश में हाल ही में सामने आई अन्य घटनाओं एवं पार्टी के भीतर उत्पन्न छोटे-मोटे मतभेदों पर भी चर्चा की गई। समिति ने स्पष्ट किया कि पार्टी के आंतरिक विषयों और मतभेदों को पार्टी के अधिकृत मंच पर ही उठाया जाना चाहिए। पार्टी की अनुशासनात्मक मर्यादाओं का उल्लंघन करते हुए आंतरिक मामलों को सार्वजनिक मंचों पर ले जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अनुशासन समिति के सदस्यों एवं प्रदेश पदाधिकारियों के प्रोटोकॉल एवं सम्मान से जुड़े विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस संबंध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर अनुशासन समिति के सदस्यों एवं प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के निर्धारित प्रोटोकॉल का उचित रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं। समिति ने संगठनात्मक गरिमा, आपसी सम्मान तथा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन को पार्टी की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।
बैठक में समिति के सदस्य सचिव रोहित जैन, पूर्व विधायक एवं समिति के सदस्य अनिल धंतौड़ी तथा पूर्व सांसद एवं समिति की सदस्य कैलाशो सैनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh