नौकरियों के लिए कैलेंडर जारी करेगी सरकार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

शिकायतों के समाधान के लिए पॉलिसी में बदलाव का निर्णय : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

न्यूज़म ब्यूरो

सिरसा, 22 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आमजन की शिकायतों के आधार पर प्रदेश स्तर की नीतियों में आवश्यक बदलाव करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। वे रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की मासिक बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतें अगली बैठक के लिए लंबित रखी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बताया कि लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उससे हुए नुकसान की भरपाई करवाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मामले में मिलीभगत और लापरवाही पाए जाने पर एक एक्सईएन, एक जेई और एक एमई को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नशा मुक्ति अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर महीने नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे की गुप्त शिकायतों के लिए मानस पोर्टल शुरू किया गया है। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संकल्प सोसाइटी और विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं सोसाइटी के चेयरमैन हैं, जबकि पूर्व डीजीपी ओपी सिंह को इसका सीईओ बनाया गया है। इस अभियान में एसएचओ, सरपंच, ग्राम सचिव, एनजीओ और केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया को हिरासत में लिए जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए इसे ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि विधायक को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जारी बजट का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक की मांग पर वर्ष 2024-25 में 94 लाख 92 हजार रुपये, वर्ष 2025-26 में 35 कार्यों के लिए 201 लाख रुपये, वर्ष 2026-27 में 28 कार्यों के लिए एक करोड़ 65 लाख रुपये की राशि दी गई। पिछले तीन वर्षों में 67 विकास कार्यों के लिए कुल 4 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

सरकारी भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 5600 पुलिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द इंटरव्यू शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इन भर्तियों के परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद प्रदेश में नई भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी पहले से मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 के संबंध में उन्होंने कहा कि 20 वर्ष से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक माह के लिए दोबारा खोला जाएगा। इससे वे पात्र लोग भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। किसानों की नहरी पानी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजाई के सीजन को देखते हुए किसानों द्वारा दो सप्ताह तक नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह हरियाणा में अच्छा काम कर रहे हैं और सरकार भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर काम में अटकलों की बजाय अच्छे कार्य भी देखने चाहिए। स्वच्छता के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार की नियत में खोट था तभी पंजाब पिछड़ता गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाकर फिर से खुशहाल पंजाब बनाने की दिशा में काम करेगी।

इस अवसर पर  डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल, पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल,  पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक रामचंद कंबोज, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh