गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर कपालमोचन की पावन धरती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शिरकत की
मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए दिए 2 करोड़ रुपये
ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत, श्री गुरु नानक देव जी का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया
हरियाणा सरकार ने 1984 के दंगों में जान गंवाने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का किया प्रावधान
कहा, कुरुक्षेत्र में बनाया जा रहा प्रदेश का पहला सिख संग्रहालय, लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 24 नवम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को सत्य, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को चुनौती देते हुए कहा कि परमात्मा की बनाई इस दुनिया में हर इंसान बराबर है।

मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम यमुनानगर स्थित कपालमोचन की पावन धरती पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दूर-दूर से पहुंचे साध-संगत का अभिनंदन करते हुए प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत को आकाश में साकार होते दिखाया गया। इसमें श्री गुरु नानक देव जी का सत्य, सेवा और समानता का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की सहायता की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थराज कपालमोचन हमारी साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। महाभारत और पुराणों की परंपराओं में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। श्री गुरु नानक देव जी ने भी इस पावन स्थल पर अपने चरण रखे थे। भंगाणी के युद्ध के बाद दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का यहां 52 दिनों तक ठहरना इस भूमि के सिख इतिहास से गहरे संबंध को दर्शाता है।

गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और मानवता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर पूरी मानव जाति को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी में यह सार्वभौमिक भावना अत्यंत सुंदर ढंग से व्यक्त होती है- ‘अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपजिया, कौन भले कौन मंदे।’
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को दिशा देने वाले तीन सरल सिद्धांत दिए- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। ये सिद्धांत हमें आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग भी दिखाते हैं। यदि हम इन सिद्धांतों को अपने घर, कार्यस्थल और समाज में अपनाएं तो अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वत: हो सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने महिलाओं के सम्मान और समानता का भी संदेश दिया। उन्होंने नारी के सम्मान और समाज में उसकी महत्ता को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख गुरुओं की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृति और उनके महान संदेश को देशभर में सम्मान देने के अनेक कार्य किए हैं। वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550 वां प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब गलियारे का विकास किया गया, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति में जामनगर में 750 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। वहीं, श्री अमृतसर साहिब से श्री नांदेड़ साहिब तक तीर्थयात्रियों के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष को देशभर में मनाने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में 24 अप्रैल, 2022 को पानीपत की ऐतिहासिक धरती पर ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा, साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।

हरियाणा में सिख गुरुओं की स्मृति में किए जा रहे अनेक कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा का सिख गुरुओं से गहरा संबंध रहा है। अंबाला जिले का लखनौर साहिब अकाल पुरख श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की ननिहाल थी और उनका बचपन वहां बीता। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में भी समय-समय पर आठ गुरुओं का आगमन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। नवंबर 2025 में पूरे प्रदेश में श्री गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान दिवस मनाया गया। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2025 को ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश में विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।

इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी सिक्के और डाक टिकट तथा हरियाणा सरकार द्वारा तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिले के कलेसर में 18 नवंबर, 2025 को श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहां गुरु तेग बहादुर द्वार भी बनाया गया है। यमुनानगर के किशनपुरा में गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है। यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। 24 दिसंबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में इन परिवारों के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की स्थापना की गई, जिससे सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई और प्रदेश में सिख समुदाय को स्वायत्तता मिली।
तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने उठाए कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ शुरू की गई, ताकि श्री हजूर साहिब, श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुंड साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि ‘प्रसाद योजना’ के तहत 27 नवंबर, 2023 को नाडा साहिब गुरुद्वारा, पंचकूला में 13.55 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनाई गई, जिसमें 300 वाहन पार्क किए जा सकते हैं। सिरसा स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 27 जून, 2024 को 70 कनाल भूमि नि:शुल्क हस्तांतरित करने का निर्णय भी लिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी श्रद्धालु धन के अभाव में तीर्थयात्रा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं। पहली ट्रेन 5 मई, 2026 को कुरुक्षेत्र से और दूसरी ट्रेन 15 मई को सिरसा से रवाना हुई।
लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन से कुछ दूरी पर स्थित लौहगढ़ का भी सिख इतिहास में विशेष महत्व है। बाबा बंदा सिंह बहादुर जी ने इसे सिख राज्य की राजधानी बनाया था। लौहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर के नाम से एक ट्रस्ट बनाया गया है, जो यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का कार्य कर रहा है। यहां 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में छठी पातशाही गुरुद्वारे के पास सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। यह प्रदेश का पहला ऐसा संग्रहालय होगा, जिसमें सिख इतिहास, संस्कृति और गुरुओं के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं और उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने मेला श्री कपाल मोचन-आदिबद्री परिसर में स्थित 32 धर्मशालाओं के विकास कार्यों के लिए श्राईन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की तथा विधायक रखी गई मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने समारोह में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, साढौरा की विधायक रेणु बाला, रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवन्त सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, पिंड मानुका गिल मोगा के बाबा गोबिन्द सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, बंजारा,घुमंतू विमुक्त जाति के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह सहित भाजपा नेतागण व प्रशासन के अधिकारीगण, लाखों की संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।