टीम भावना, समर्पण व उत्कृष्ट प्रबंधन ने रचा सफलता का नया अध्याय : हरविन्द्र कल्याण

सीपीए सम्मेलन के सफल आयोजन पर विस अध्यक्ष कल्याण ने की स्टाफ की सराहना

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़। हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में 8 से 10 जून तक आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-II सम्मेलन के सफल एवं गरिमामय आयोजन पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

इस अवसर पर वीरवार को विधान सभा सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सम्मेलन के अनुभव साझा किए तथा आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

फोटो कैप्शन : विधान सभा सचिवालय में वीरवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें संबोधित करते हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सचिवालय के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने एक सशक्त और समर्पित परिवार की भावना के साथ एकजुट होकर कार्य करते हुए सम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं को अत्यंत कुशलता एवं जिम्मेदारी के साथ संभाला। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और टीमवर्क के कारण ही यह आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बन सका।

Advertisement

विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने हरियाणा की उत्कृष्ट मेजबानी, व्यवस्थाओं और आतिथ्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हरियाणा विधान सभा ने अपनी कार्यकुशलता और संगठन क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों पर प्रदेश की अच्छी छाप छोड़ी है।

उन्होंने कहा कि इस सफल आयोजन ने न केवल हरियाणा विधान सभा व सरकार की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई प्रदान की है, बल्कि देशभर में विधायिका की सकारात्मक एवं प्रभावी कार्यप्रणाली का सशक्त संदेश भी पहुंचाया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh