22 राज्यों के 97 हिमवीर एवं हिमवीरांगनाएं हुईं देश सेवा के लिए तैयार

प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, भानू में 97 हिमवीर एवं हिमवीरांगनाएं हुई देश सेवा के लिए तैयार

न्यूज़म ब्यूरो

पंचकूला, 30 मार्च। प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, भानू, पंचकूला में आज 496वें जीडी रिक्रूट (पुरुष/महिला) बैच के 22 राज्यों के 97 प्रशिक्षणार्थियों के दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि श्री अशोक नेगी, पीएमजी, महानिरीक्षक, भा.ति.सी. पुलिस, भानू रहे।

ब्रिगेडियर जे.एस. गोराया, उप महानिरीक्षक, बीटीसी द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। इस भव्य समारोह में अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, संस्थान के पदाधिकारी एवं उनके परिवारजन तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। इस परेड की कमान कांस्टेबल/जीडी (रिक्रूट) आल्ती वेंकटालक्ष्मी, 39वीं वाहिनी ने संभाली, जबकि कांस्टेबल/जीडी (रिक्रूट) गोपाल कुमार, 46वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी घोषित किया गया।

Advertisement

मुख्य अतिथि अशोक नेगी, महानिरीक्षक, भा.ति.सी. पुलिस, भानू द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को बेसिक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं और कहा कि अब वे इस बल के ‘हिमवीर’ परिवार के एक प्रशिक्षित सदस्य के रूप में शामिल हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि आपको आईटीबीपी जैसे अनुशासित बल में देश सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण केंद्र में अर्जित ज्ञान को बनाए रखते हुए वे आगे भी सीखने का प्रयास करते रहेंगे।

इसके पश्चात बीटीसी भानू के जवानों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रदर्शनों के माध्यम से साहस, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया, जिसकी दर्शकों द्वारा अत्यधिक सराहना की गई।

अशोक नेगी, महानिरीक्षक द्वारा प्रशिक्षण अवधि के दौरान समय-समय पर प्रशिक्षणार्थियों का मनोबल बढ़ाया गया। उनके नेतृत्व में प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षकों ने कठिन परिश्रम एवं लगन से प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाने हेतु ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग तथा टैक्टिक्स जैसे विषयों पर 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण प्रदान किया।

अंत में अशोक नेगी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं उनके परिवारजनों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh