अटलजी ने राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी : डा. सतीश पूनिया

अटल स्मृति दिवस पर पलवल में भव्य विधानसभा सम्मेलन, सुशासन व राष्ट्र निर्माण का दोहराया संकल्प

चंडीगढ़, 26 दिसंबर। भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति में पलवल स्थित भाजपा कार्यालय में विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। यहां उन्होंने अटल जी को नमन किया और अटल सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री गौरव गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने की। 
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि अटल सरकार के दौरान ऐतिहासिक कार्य हुए। राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पोखरण परमाणु परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में सशक्त नेतृत्व, शहीदों को आर्थिक सम्मान दिया। डा. पूनिया ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ में अटल जी ने भारत का पक्ष हिंदी में रखा जो हमें गौरव प्रदान करता है।

डा. सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि धारा 370 की समाप्ति, किसान सम्मान निधि, तीन तलाक कानून, स्वच्छ भारत अभियान, राम मंदिर निर्माण और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदम भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अटल के सपनों को साकार करने में लगी है।

कार्यक्रम में डा. पूनिया ने अटल बिहारी वाजपेई जी की अमर पंक्तियों “हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा” को स्मरण किया और वीर बाल दिवस के अवसर पर देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की वैचारिक यात्रा से अवगत कराते हुए बताया कि 21 अक्टूबर 1951 को जनसंघ और 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई, जिसने राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी।

Advertisement

अटल जी का संपूर्ण जीवन सुशासन, राष्ट्रवाद और विकास की मिसाल है : गौरव गौतम
खेल मंत्री गौरव गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का संपूर्ण जीवन सुशासन, राष्ट्रवाद और विकास की मिसाल है, जिसे वर्तमान सरकार पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि होडल में हाल ही में एक सफल कार्यक्रम आयोजित हुआ है और पूरे पलवल जिले के प्रत्येक मंडल में इसी प्रकार के आयोजन निरंतर चल रहे हैं।

गौरव गौतम ने पलवल के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण, चौकों का नवीनीकरण, नए खेल स्टेडियमों का निर्माण, पब्लिक हेल्थ सेवाओं का विस्तार और सड़कों के कार्य आने वाले पाँच वर्षों तक लगातार चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पलवल में रिकॉर्ड जीत के बाद जिले को पिछले कार्यकाल की तुलना में लगभग दोगुना विकास फंड प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि नायब सैनी सरकार में घर बैठे रजिस्ट्री जैसी सुविधाएं शुरू हुई हैं और खेलों के क्षेत्र में हरियाणा की मात्र 2 प्रतिशत आबादी देश के मेडल तालिका में बड़ा योगदान दे रही है। आने वाले समय में पलवल क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज और मेट्रो जैसी महत्वपूर्ण सौगातें भी मिलने वाली हैं।

गौरव गौतम ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर अनर्गल व तथ्यहीन आरोप लगाकर कांग्रेस नेताओं का राजनीतिक स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता यह भी नहीं समझ पा रहे हैं कि किस विषय पर कैसी टिप्पणी करनी चाहिए, जो उनकी करारी हार की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस नेताओं से जुड़े लोगों पर सहकारी बैंकों में मृत व्यक्तियों के नाम पर ऋण देने-लेने जैसे गंभीर आरोप लगे, जबकि आम जनता को गुमराह किया गया। चुनाव के समय 50 गज के प्लॉट की रजिस्ट्री जैसे झूठे वादे कर केवल वोट बटोरने का प्रयास किया गया।

गौरव गौतम ने कहा कि मेवात यात्रा के दौरान हिंदू समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने वाले नेताओं को जनता पहले ही लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखा चुकी है और भविष्य में भी ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। कार्यक्रम के जिला संयोजक डॉ. हरेंद्र पाल राणा ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिसंबर को पलवल में कार्यशाला आयोजित की गई थी। जिले के 13 मंडलों में संयोजक एवं सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है। आठ मंडलों में चित्रकला प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी हैं, जबकि शेष मंडलों में 27 और 28 दिसंबर को आयोजन होंगे। 
उन्होंने बताया कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के नाम पर सड़कों और खेल स्टेडियमों का नामकरण किया गया है तथा पलवल बस स्टैंड पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादों, शहीद उद्यम सिंह और गुरु गोबिंद सिंह जी की माता गुजरी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम में मंचासीन जिला प्रभारी अरविंद यादव, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश सह-संयोजक जगदीश नायर, निवर्तमान विधायक प्रवीण डगर, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, निवर्तमान जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व जिला अध्यक्ष जवाहर सिंह सोरोत, हथीन विधानसभा प्रत्याशी मनोज रावत,निवर्तमान विधायक दीपक मंगला, जिला महामंत्री दिनेश कौशिक, जयराम प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष ईश्वर सिंह, राकेश चौहान, दिनेश भाटी, प्रवीण ग्रोवर, महेश जाखड़, नरेंद्र नंबरदार, जिला मीडिया प्रभारी सागर चौहान, जिला सचिव एकता, कोषाध्यक्ष सोनू गुप्ता, कार्यालय प्रमुख ताराचंद बघेल, आईटी प्रमुख मोनू शर्मा, सोशल मीडिया प्रमुख हरदेव पाठक, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh