सिविल अस्पताल में 2 से 7 फरवरी तक “आयुष्मान भारत/चिरायु सर्जिकल कैंप सप्ताह” का किया जाएगा आयोजन : डाॅ मुक्ता कुमार

इस पहल का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराना है : डाॅ मुक्ता कुमार

न्यूज़म ब्यूरो

 

पंचकूला, 15 जनवरी : हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 2 से 7 फरवरी 2026 तक जिला में “आयुष्मान भारत/चिरायु सर्जिकल कैंप सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सिविल अस्पताल, सेक्टर-6, पंचकूला में पात्र लाभार्थियों के लिए निःशुल्क एवं कैशलेस सर्जरी की विशेष व्यवस्था की गई है। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डाॅ मुक्ता कुमार ने बताया कि यह अभियान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराना है। इससे पूर्व भी जिला में सर्जिकल कैंप सप्ताह का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में लाभार्थियों को लाभ मिला था।

Advertisement

उन्होंने बताया कि सर्जिकल कैंप सप्ताह का मुख्य उद्देश्य जिले में सर्जरी से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करना, सरकारी अस्पतालों में सर्जिकल सेवाओं की दक्षता बढ़ाना तथा योजना के प्रति आमजन का विश्वास और जागरूकता मजबूत करना है।

डाॅ मुक्ता कुमार ने बताया कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, सिविल अस्पताल पंचकूला, कालका, रायपुररानी, मोरनी एवं बरवाला सहित सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संस्थानों को आयुष्मान/चिरायु कार्डधारकों में से सर्जरी की आवश्यकता वाले लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें अभियान सप्ताह के दौरान प्राथमिकता के आधार पर सर्जरी के लिए सूचीबद्ध करने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि यह सर्जिकल कैंप सप्ताह जरूरतमंद मरीजों के लिए राहतकारी सिद्ध होगा तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों, आयुष्मान मित्रों, अस्पताल कर्मियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से समन्वय एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया है।

उन्होंने जिला के सभी पात्र नागरिकों एवं आयुष्मान/चिरायु कार्डधारकों से अपील करते हुए कहा कि वे सिविल अस्पताल या आयुष्मान हेल्पडेस्क पर जाकर अपनी पात्रता की जांच कराएं और इस विशेष सर्जिकल कैंप सप्ताह का अधिकतम लाभ उठाएं।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh