हमें उनके सपनों का भारत बनाना है : विज
अरमानों व सपने बुनने की उम्र में भगत सिंह ने ‘हंसते-हंसते और रंग दे बसंती चोला गाते-गाते” देश के लिए फांसी के फंदे को चूमा
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने शहीद-ए-आज भगत सिंह जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया
न्यूज़म ब्यूरो
अम्बाला, 28 सितम्बर। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की जयंती के पर अम्बाला छावनी के लघु सचिवालय में स्थापित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शत-शत नमन किया। भारी वर्षा के बीच उन्होंने “इंकलाब जिंदाबाद, शहीद-ए-आजम भगत सिंह अमर रहे” के नारे लगाकर सभी में देशभक्ति का संचार भी किया। इससे पहले उनका यहां पहुंचने पर एसडीएम अम्बाला छावनी कनिका गोयल ने पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी को पुष्पांजलि अर्पित करने, उन्हें शत-शत नमन करने के लिए उपस्थित हुए हैं। शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने मात्र 23 वर्ष, 5 माह और 23 दिन की उम्र जोकि अरमानों की उम्र, सपने बुनने की उम्र होती है उस उम्र में शहीद भगत सिंह ने हंसते-हंसते और रंग दे बसंती चोला गाते-गाते देश के लिए फांसी के फंदे को चूम लिया। भगत सिंह आज सशरीर हमारे बीच नहीं है, पर उनकी याद हर हिंदुस्तानी के दिल में है और हमें उनके सपनों का भारत बनाना है। हमें आज भी जो लड़ाई उन्होंने शुरू की वो जारी रखनी है, यह लड़ाई समाज में फैली गंदगी के खिलाफ, भ्रष्टाचार के खिलाफ इस देश को जैसा हमारे शहीद चाहते थे उतनी ही ऊंचाई पर ले जाना है।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, संजीव सोनी, जसबीर सिंह जस्सी, प्रवेश शर्मा, अजय बवेजा, बलकेश वत्स, शशि लोंगिया, बलिंद्रपाल सिंह के अलावा भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।