बवानी खेड़ा के विकास के लिए CM सैनी ने दिल खोलकर की धन वर्षा

कहा, डिलिमिटेशन का काम पूरा होते ही बवानी खेड़ा को मिलेगा उपमंडल का दर्जा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 6 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित ‘विकास संकल्प जनसभा’ में कार्यक्रम के आयोजक बवानी खेड़ा के विधायक कपूर वाल्मिकी द्वारा मंच के माध्यम से रखी गई मांगों से भी आगे बढ़कर दिल खोलकर धनवर्षा करते हुए करोड़ों रुपये के नए विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा देने की वर्षों पुरानी मांग पर कहा कि डिलिमिटेशन का काम पूरा होते ही वर्ष 2028 में बवानी खेड़ा को उपमंडल का दर्जा मिलेगा। मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस घोषणा पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों और जयकारो के साथ मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।

Advertisement

मुख्यमंत्री सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि बवानी खेड़ा कस्बे के 50 बिस्तरों के नागरिक अस्पताल का विस्तार करते हुए इस पर 50 करोड़ की राशि खर्च कर नए भवन का निर्माण व सभी प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। गांव रेवाड़ी खेड़ा में साढ़े 16 करोड़ की लागत से 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। गांव खरक कलां में महिला कॉलेज के भवन का निर्माण कराया जाएगा। बवानी खेड़ा कस्बे में जमीन उपलब्ध होने के बाद नई सब्जी मंडी का निर्माण करवाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव बलियाली व जमालपुर में 90-90 लाख की लागत से ग्राम सचिवालयों का निर्माण कराया जाएगा। गांव बड़सी गुजरान व गांव सैय में क्रमशः 90-90 लाख की लागत से बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गांव कलिंगा में 85 लाख की राशि से महाराणा प्रताप कम्युनिटी सेंटर व गांव मढ़ाणा में 1.75 करोड़ की लागत से और गांव मुंढाल कलां में 80 लाख की लागत से कम्युनिटी सेंटर का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने गांव सिरसा घोघड़ा में 19 लाख की लागत से पार्क का निर्माण, गांव कलिंगा में 24 करोड़ 47 लाख की लागत से जल घर का पुनर्निर्माण व विस्तार, गांव जाटू लोहारी में भूमि उपलब्धता के आधार पर स्टेडियम और गांव तिगड़ाना व धनाना में 50-50 लाख की लागत से खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा में एक करोड़ की लागत से ई-लाइब्रेरी और दो करोड़ की लागत से महर्षि वाल्मीकि भवन का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा में 50 लाख की लागत से महात्मा ज्योति फूले के नाम से भवन का निर्माण करवाने और कस्बे में 5 करोड़ की लागत से बवानी खेड़ा नगर पालिका कार्यालय के नए भवन का निर्माण व 15 करोड़ की लागत से महर्षि वाल्मीकि के नाम से स्टेडियम और दस करोड़ की लागत से बवानी खेड़ा में लोक निर्माण विभाग के नए रेस्ट हाउस का निर्माण करवाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र की मार्केटिंग बोर्ड की 13 सड़कें जो डीएलपी के अधीन हैं, इन 40.7 किलोमीटर की सड़कों का रखरखाव संबंधित एजेंसी द्वारा कराए जाने, बवानी खेड़ा विधानसभा क्षेत्र की पीडब्ल्यूडी की 68 सड़कों जो डीएलपी के अधीन हैं, इन 184.10 किलोमीटर की सड़कों का रखरखाव एजेंसी द्वारा कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 94.5 किलोमीटर लंबाई की 47 सड़कों की 55 करोड़ 45 लाख की लागत से स्पेशल रिपेयर करवाई जाएगी। उन्होंने खेत खलिहान के 25 किलोमीटर के कच्चे रास्तों का निर्माण करवाने और विधानसभा के सभी गांवों के विकास के लिए 5 करोड़ की राशि जारी किए जाने की घोषणा की।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh