तिगुनी गति से हरियाणा का विकास करवा रही डबल इंजन सरकार : CM सैनी

बवानी खेड़ा में ‘विकास संकल्प जनसभा’ में मुख्यमंत्री ने खोला विकास का पिटारा

मुख्यमंत्री ने 78 करोड़ रुपये की लागत की 7 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

बवानी खेड़ा के विकास के लिए रखी गई लगभग सभी मांगों को पूरा करने सहित हलके के गांवों के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये अलग से देने की घोषणा

कहा, हरियाणा के विकास को नई गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

न्यूज़म ब्यूरो 

Advertisement

भिवानी/ बवानीखेड़ा, 6 सितंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बवानी खेड़ा की अनाज मंडी में आयोजित विकास संकल्प जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। जनसभा में मुख्यमंत्री को सुनने अपार भीड़ उमड़ी। इस ऐतिहासिक जनसभा में मुख्यमंत्री ने लगभग 78 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा में भाजपा की डबल इंजन सरकार आज तिगुनी गति से विकास कार्य करवा रही हैं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, जनसभा के आयोजक विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, सांसद चौ.धर्मबीर सिंह, पूर्व मंत्री किरण चौधरी, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, नलवा विधायक रणधीर सिंह पनिहार व पूर्व मंत्री जेपी दलाल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस जनसभा में जनता की अपार उपस्थिति हरियाणा की डबल इंजन सरकार की नीतियों पर अटूट विश्वास की मोहर है। उन्होंने बवानी खेड़ा के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराते हुए कहा कि कदम-कदम पर विकास की नई इबारत लिखी जाएगी और यह क्षेत्र तरक्की के नए शिखर छूएगा। उन्होंने बताया कि विगत 12 वर्षों में इस विधानसभा क्षेत्र में 1446 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत के विकास कार्य कराए गए हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में यह आंकड़ा मात्र 609 करोड़ 58 लाख रुपये था।

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस इलाके के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। एनएच-148बी का भिवानी-हांसी खंड 1322 करोड़ रुपये से पूर्ण हो चुका है, एनएच-709ए का निर्माण 749 करोड़ रुपये से किया गया है, भिवानी-खरक एनएच 709 ई को 169 करोड़ रुपये से चारमार्गीय बनाया गया है, मानहेरू-बवानी खेड़ा रेलवे लाइन दोहरीकरण 413 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन है जिसमें 12 किलोमीटर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि खरक कलां में जल घर 29 करोड़ 47 लाख रुपये और सुंदर डिस्ट्रीब्यूटरी लाइनिंग 21 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने किसान कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। फसल खरीद पर अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 86 हजार करोड़ रुपये सीधे भिजवाए जा चुके हैं। पिछले 12 वर्षों में फसल खराबे पर किसानों को 16 हजार 160 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

Special Offer
ADVERTISEMENT

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख बहन-बेटियों को 2,100 रुपये प्रतिमाह की दर से 2,042 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के अंतर्गत 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय और गरीब कल्याण के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग की आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख की गई है तथा पंचायतों और नगर निकायों में आरक्षण दिया गया है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में युवाओं के लिए बिना खर्ची-बिना पर्ची की नौकरी नीति के तहत 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। नई हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई नीति-2026 के माध्यम से 55 हजार करोड़ रुपये का निवेश लाने तथा 5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए हरियाणा ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट सेल का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति अभियान के तहत हरियाणा उदय कार्यक्रम का जिक्र करते हुए सभी जिलों में मैराथन, साइक्लोथॉन, सेमिनार आयोजित करने और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास जी महाराज के 650 वें प्रकाश पर्व को राज्य स्तर पर भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने आमजन से 5 अक्टूबर को हरियाणा पहुंचने वाली समरसता यात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

78 करोड़ की योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए 

मुख्यमंत्री ने आज 3.51 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुजरानी, 2.62 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलिंगा के भवन, गांव खेड़ा में 16.98 करोड़ से तैयार हुए कैनाल रेस्ट हाउस के कार्यालय परिसर और स्टाफ आवासीय भवन तथा बवानी खेड़ा में 28.89 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दो जलघरों के नवीनीकरण और जलापूर्ति वितरण नेटवर्क का उद्घाटन किया।

इनके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रेम नगर में 9.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले दीनदयाल उपाध्याय 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल, नाथुवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 10.59 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई लिंक रोड और 4.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बलियाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास भी किया।

सरकार ने पेयजल व सिंचाई व्यवस्था को किया मजबूर : श्रुति चौधरी 

हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में प्रदेश की भलाई और 36 बिरादरियों सहित हर वर्ग के हित के लिए निरंतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से हरियाणा की सिंचाई व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन होने जा रहा है। वर्ल्ड बैंक के सहयोग से हरियाणा में 6000 करोड़ रुपये की राशि से सभी प्रमुख नहरों, चैनलों आदि के नवनिर्माण से प्रदेश की सभी टेलों पर पानी पहुंचेगा। इसके अलावा बुटाना ब्रांच और सुंदर ब्रांच के कार्य भी क्रमशः 211 करोड़ रुपये और 190 करोड़ रुपये की लागत से मंजूर किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों और क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो तथा सिंचाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पूर्व में हमारे इस क्षेत्र के सुधार में स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल और स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने इस सूखे इलाके को हरा-भरा बनाने के लिए बहुत काम किए। सिंचाई विभाग के माध्यम से उन्होंने लिफ्ट इरिगेशन स्कीम लागू की, जो अपने आप में एक मिसाल है। उनके बाद अब नायब सिंह सैनी की वर्तमान सरकार इस क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश की कमी के चलते नहरों में पानी की कमी है लेकिन जल्द ही नहरी पानी की 16 दिन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जनसभा के संयोजक विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने बवानी खेड़ा पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया और हलके के विकास के लिए मांग पत्र सौंपा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh