DRM विनोद भाटिया ने जनप्रतिनिधियों, वेलफेयर सोसायटी एवं स्थानीय व्यापारियों से किया संवाद

अम्बाला मण्डल के 22 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ का आयोजन

न्यूज़म ब्यूरो

अम्बाला, 22 अक्टूबर। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आज उत्तर रेलवे, अम्बाला मण्डल द्वारा यात्रियों की समस्याओं के समाधान, रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में सुधार तथा स्वच्छ एवं बेहतर रेल परिसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अम्बाला मण्डल के 22 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से रेल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को सुदृढ़ करने तथा यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अभियान के अंतर्गत अम्बाला छावनी, सहारनपुर जंक्शन, यमुनानगर-जगाधरी, चण्डीगढ़ जंक्शन, कालका, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), बठिण्डा जंक्शन, राजपुरा जंक्शन, सरहिंद जंक्शन, पटियाला, धूरी जंक्शन, अम्ब अन्दौरा, नंगल डैम, शिमला, अम्बाला शहर, लालड़ू, धूलकोट, बरनाला, अबोहर जंक्शन, खन्ना एवं मलेरकोटला रेलवे स्टेशनों तथा उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय, अम्बाला छावनी में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Advertisement

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, अम्बाला विनोद भाटिया ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधियों, छोटे व्यापारियों तथा अन्य संबंधित पक्षों से मुलाकात की। बैठक के दौरान सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्रियों की सुविधा एवं अन्य संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव एवं समस्याएं मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष रखीं। श्री भाटिया ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास करने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक भाटिया ने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं आमजन के साथ नियमित संवाद से यात्रियों की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और सुविधाओं में सुधार करने में सहायता मिलती है।

अम्बाला मण्डल के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी रेल जन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों एवं संबंधित पक्षों से संवाद स्थापित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के महत्व पर भी जोर दिया गया तथा सभी से रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई।

अम्बाला मण्डल रेल यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं सभी संबंधित पक्षों से अपील करता है कि वे रेलवे परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा अपने सुझावों के माध्यम से रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने में सहभागी बनें।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh