शिक्षा ही बदलेगी घुमंतू समाज का भाग्य, बच्चों को जरूर पढ़ाएं माता-पिता : CM सैनी

विमुक्त एवं घुमंतू समाज का इतिहास स्वाभिमान और वीरता की है गाथा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

न्यूज़म ब्यूरो  

चंडीगढ़, 30 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विमुक्त एवं घुमंतू समाज का इतिहास बहुत पुराना, गौरवशाली और प्रेरणादायक है। कठिन से कठिन हालात में भी इस समाज के लोगों ने अपनी अटूट मेहनत, समृद्ध कला, अनुपम संस्कृति और अपने स्वाभिमान को सदैव जीवित रखा है।

 जब भी हम भारत के इतिहास और इसके स्वर्णिम अतीत को देखते हैं, तो विमुक्त और घुमंतू समाज के शूरवीरों और महापुरुषों का योगदान स्वर्ण अक्षरों में चमकता दिखाई देता है। भाई मक्खन शाह लबाना जी, जिन्होंने सच्चे गुरु की पहचान कराकर पूरी दुनिया को सही मार्ग दिखाया। भाई लखी शाह बंजारा जी एवं भाई निगाहिया जी, जिन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के पावन शरीर का अपने घर में अंतिम संस्कार कर अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। योद्धा भाई जैता जी, जो कि चांदनी चौक से गुरु साहिब का पावन शीश आनंदपुर साहिब पहुंचाकर ‘गुरु का बेटा’ कहलाए।

Advertisement

मुख्यमंत्री रविवार को अपने चंडीगढ़ स्थित आवास संत कबीर कुटीर में आयोजित हरियाणा व पंजाब की समस्त घुमंतू जातिय़ों के प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिकलीगर व बंजारा समाज के हुनरमंद वीरों ने मुगलों के खिलाफ युद्ध में अचूक अस्त्र-शस्त्र बनाकर खालसा फौज को ताकत दी। भामाशाह और बंजारा समाज के नायक, जिन्होंने महाराणा प्रताप के स्वाभिमान संग्राम में रसद-सामग्री पहुंचाकर देश की रक्षा की। ये सभी हमारे राष्ट्र के असली हीरो हैं।

उन्होंने कहा कि वीरता आपको अपने पूर्वजों से विरासत में मिली है। इसी राष्ट्रभक्ति के बल पर आपने आजादी के आंदोलन में अंग्रेजी हुकूमत की नाक में दम कर दिया था। इसी से बोखलाकर अंग्रेजों ने 1871 में ‘क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट’ नाम का काला कानून बनाकर आपके देशभक्त समाज को जन्मजात अपराधी घोषित करने का घिनौना पाप किया।

आजादी के बाद 31 अगस्त, 1952 को यह कलंक हमेशा के लिए मिटा, इसीलिए इस ऐतिहासिक दिन को हम ‘विमुक्ति दिवस’ के रूप में मनाते हैं।

उन्होंने कहा कि केवल विमुक्ति दिवस मनाने भर से काम नहीं चलने वाला। आपको वह सब मिलना चाहिए जो अंग्रेजों ने आपसे छीना था। आजादी के बाद लंबे समय तक शासन करने वाली सरकारों ने समाज की सुध नहीं ली और  मूलभूत अधिकारों से वंचित रखा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, तो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मूलमंत्र दिया। हमारी डबल इंजन सरकार इसी भावना से गरीब कल्याण के काम कर रही है। पीएम आवास योजना के तहत हरियाणा में 1.60 लाख परिवारों को पक्के मकान दिए गए। करनाल, पलवल और रोहतक में 702 घुमंतू परिवारों को प्लॉट आवंटित किए गए हैं, जो उनके सुरक्षित भविष्य की नींव है।

उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत मकान मरम्मत सहायता राशि 30,000 रुपये से बढ़ाकर 80,000 रुपये की गई, जिससे 85,815 परिवारों को 416 करोड़ रुपये की मदद मिली।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे 15 लाख से अधिक बहनों को लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत बेटियों के विवाह हेतु 3.85 लाख परिवारों को 1,523 करोड़ रुपये की शगुन राशि दी गई है।

मुख्यमंत्री ने घुमंतू समाज के प्रतिनिधियों का आह्वान किया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन हों, वे बच्चों को जरूर पढ़ाइए। शिक्षा ही वह ताकत है जो आने वाली पीढ़ियों का भाग्य बदल सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 12वीं तक मुफ्त किताबें, वर्दी व स्टेशनरी, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग और डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत 8,000 से 12,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति दे रही है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि आप जमकर पढ़िए, हुनर सीखिए, खेलों में आगे बढ़िए और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर अपने माता-पिता के सपनों को पूरा कीजिए। आप सभी प्रतिनिधि सरकार की इन योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं ताकि समाज का हर व्यक्ति सशक्त बन सके। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह देसुजोदा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय डीएनटी कल्याण संगठन, सतनाम सिंह संधू, हरियाणा के चेयरमैन व हरियाणा घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह बंजारा, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा व अन्य लोगू मौजूद रहे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh