सक्षम पंचायत और जवाबदेह नगरपालिका ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव : CM सैनी

स्थानीय निकायों को अधिकार, क्षमता और वित्तीय संसाधनों से सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य 

पंचायतें अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें 

स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए अतिरिक्त संसाधनों के बराबर राशि देगी सरकार, मिलेगा मैचिंग ग्रांट 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाएं चरणबद्ध तरीके से स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी 

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

गुरुग्राम, 24 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सक्षम पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। सरकार का लक्ष्य स्थानीय निकायों को केवल प्रशासनिक इकाई तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अधिकारों, क्षमताओं और अपने वित्तीय संसाधनों से युक्त प्रभावी स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में पंचायतों और नगरपालिकाओं को सशक्त बनाने के विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं ने अपने अनुभव, नवाचार और सफल प्रयोग साझा किए हैं। दो दिनों के गहन विचार-विमर्श से स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने का व्यावहारिक रोडमैप तैयार हुआ है। यह सम्मेलन स्थानीय स्वशासन की नींव मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत सचिवालयों की फाइलों में नहीं, बल्कि गांव की गलियों और शहरों के मोहल्लों में बसती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का सपना देखा था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का विराट लक्ष्य देश के सामने रखा है। इन दोनों लक्ष्यों की प्राप्ति का रास्ता गांव की चौपाल और शहर के वार्ड से होकर गुजरता है। विकसित भारत की भव्य इमारत की नींव पंचायतों और वार्डों में ही रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 साल में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है जो विश्व स्तर पर एक रिकॉर्ड है।

स्थानीय निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता जरूरी  

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में तीन महत्वपूर्ण विषयों- राजस्व जुटाना एवं वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता एवं जवाबदेही तथा प्रभावी सेवा वितरण एवं समावेशी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसके अनुरूप कोई भी सरकार तभी स्वतंत्र और प्रभावी निर्णय ले सकती है, जब उसका वित्तीय आधार मजबूत हो।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को सीधे वित्तीय संसाधन हस्तांतरित करने की पारदर्शी व्यवस्था बनाई है। इसके अलावा स्टाम्प शुल्क और बिजली उपभोग के अंश से पंचायतों की नियमित आय सुनिश्चित की गई है। शहरी स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूंजीमूल्य आधारित संपत्तिकर प्रणाली लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपनी साझा भूमि, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। वहीं, नगरपालिकाएं सरल और प्रभावी कर संग्रहण व्यवस्था अपनाकर अपनी वित्तीय क्षमता बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अनुदान से काम चलता है, लेकिन अपनी आय से भविष्य बनता है।

स्थानीय निकायों के लिए 2 प्रतिशत अतिरिक्त ‘मैचिंग ग्रांट’ की घोषणा 

मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए राज्य के स्वयं के कर राजस्व (एसओटीआर) का 2 प्रतिशत अतिरिक्त कोष ‘मैचिंग ग्रांट’ के रूप में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहरों के स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाएं अपने परियोजना प्रस्तावों के आधार पर प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से इस अतिरिक्त धनराशि का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। वर्तमान में राज्य सरकार अपने स्वयं के कर राजस्व का 7 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को आवंटित कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोत विकसित करना आवश्यक है। इस दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने ‘मैचिंग ग्रांट’ देने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत जो भी स्थानीय निकाय अपने स्तर पर अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाएगा, राज्य सरकार उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में उपलब्ध करवाएगी। इससे स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए प्रत्येक अतिरिक्त रुपये के साथ सरकार का सहयोग भी जुड़ेगा और क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध संसाधन दोगुने हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जो स्थानीय निकाय नेतृत्व अपने क्षेत्र में सर्वाधिक स्वयं का राजस्व अर्जित करने में सफल रहेगा, उसे राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार स्थानीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शी शासन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को प्रोत्साहित करेगा।

स्थानीय निकायों को मिलेंगी जनसेवाओं की जिम्मेदारियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वास्तविक अधिकार और शक्तियां प्रदान करने की दिशा में सरकार एक बड़ा नीतिगत कदम उठाने जा रही है। इसके तहत आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति तथा अग्निशमन सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण दायित्व स्थानीय निकायों को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय निकायों की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और वे अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार जनसेवाओं का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे।

स्वायत्तता के साथ जवाबदेही भी जरूरी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को अधिक वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार देने के साथ उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्वायत्तता और जवाबदेही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसके लिए पारदर्शिता, संपत्तियों की सटीक मैपिंग, समयबद्ध ऑडिट और मजबूत लेखांकन व्यवस्था अनिवार्य है। इस दिशा में तकनीक और डिजिटलीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल संपत्ति अभिलेख और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणालियों का उद्देश्य कागजी कार्यवाही कम करना और शासन को आम नागरिक के हाथों तक पहुंचाना है। जब पंचायतों और नगरपालिकाओं का प्रत्येक पैसा ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों पर खर्च होगा, तभी वास्तविक सुशासन स्थापित होगा।

विकास का पैमाना आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव 

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के आंकड़े तभी सार्थक हैं, जब उनसे आम आदमी के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। स्वच्छ पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, सुगम सड़कें, आधुनिक पुस्तकालय और स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक की बुनियादी आवश्यकता और अधिकार हैं।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हरियाणा में कचरे से ऊर्जा बनाने के चार बड़े क्लस्टर प्रोजेक्ट और 350 ई-अटल पुस्तकालयों जैसी पहलों की सम्मेलन में सराहना हुई है। इन प्रयासों से जहां कचरे का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल ज्ञान के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण के माध्यम से प्रतिनिधित्व दिया है। इसके अलावा ग्राम जल एवं सीवरेज समितियों में महिलाओं की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इससे स्थानीय शासन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता बढ़ी है।

हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप बनेगा कार्ययोजना की धुरी  

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सम्मेलन की सफलता का आकलन इस बात से होता है कि उसके बाद धरातल पर क्या बदलाव आया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सम्मेलन में मिले सौ अच्छे विचारों में से कम से कम एक विचार को अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार अपनाकर उसे धरातल पर लागू करें। उन्होंने बताया कि दोनों संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोफेसर वी.एन. आलोक के नेतृत्व में प्रस्तुत हरियाणा-विशिष्ट सुधार रोडमैप केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आगामी वर्षों का कार्य-संकल्प है। यह रोडमैप अलमारी की शोभा बनने के बजाय सरकार की कार्ययोजना की धुरी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन से प्राप्त ठोस अनुशंसाओं और जनप्रतिनिधियों के फीडबैक को गंभीरता से संकलित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। इनका हरियाणा विजन-2047 और प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सुझाव पर कार्रवाई होनी चाहिए और हर फीडबैक का हिसाब रखा जाना चाहिए।

जनप्रतिनिधि अपने कार्यों से जनता के विश्वास पर खरे उतरें  

मुख्यमंत्री ने सरपंचों, पंचों, पार्षदों, महापौरों और निकाय अध्यक्षों से कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के वास्तविक ध्वजवाहक हैं। जनता ने उन्हें चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है और अब उन्हें अपने कार्यों से यह साबित करना है कि जनता का निर्णय सही था।

उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन और नीतियां उपलब्ध करा सकती है, लेकिन प्राथमिकताएं तय करना, सही स्थान पर सही कार्य करवाना और उसे समय पर पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी प्रकार सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्राम सभाओं और वार्ड समितियों को सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब ग्राम सभा जीवंत होती है, तो योजना सरकार की नहीं, बल्कि जनता की बन जाती है। पंचायतों व नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसा करने वालों को जनता लंबे समय तक याद रखती है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, संबंधित विभागों, विषय विशेषज्ञों और शोधार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल का धन्यवाद किया, जिनके मार्गदर्शन और अनुभव ने सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प ऐसा सशक्त हरियाणा बनाने का है, जहां गांवों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं हों और शहरों में गांवों जैसी आत्मीयता हो। जब हरियाणा की प्रत्येक पंचायत और नगरपालिका आत्मनिर्भर एवं संवेदनशील बनेगी, तभी प्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनेगा और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार होगा।

इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रोफेसर वीएन आलोक तथा गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति संजय कौशिक सहित अनेक व्यक्ति मौजूद थे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh