ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने दुकान में आगजनी के मामले में पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए, बोले मैं यहां गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा”

अम्बाला/चंडीगढ़, 26 दिसम्बर : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने महेशनगर में व्यक्ति की दुकान पर आग लगाने व उसे मारने की धमकी देने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने महेशनगर थाना पुलिस को मामले में केस दर्ज करने के निर्देश देते हुए कहा कि “पीड़ित जब आरोपियों के नाम बता रही है तो मामले में क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही, मैं यहां पर गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा।” विज आज अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। 

ऊर्जा मंत्री के समक्ष महेशनगर निवासी महिला ने शिकायत देते हुए बताया कि उनकी महेशनगर में प्रिंटिंग प्रेस की दुकान है, दुकान को उन्होंने कुछ ही दिनों में खाली करनी थी, मगर इसी बीच कुछ लोगों ने उसके पति को धमकाया जिसके बाद दुकान पर आग लगा दी। महिला की शिकायत पर मंत्री अनिल विज ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी प्रकार चंद्रपुरी निवासी महिला ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए कहा कि उसकी दो बच्चियां है, उसका पति उसके साथ लगातार मारपीट करता है और घर से निकालने की धमकियां देता है। मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद पड़ाव थाना प्रभारी को इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।

सेना में अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों ने मंत्री अनिल विज से लगाई गुहार
वहीं, सेना में अनुबंध पर कार्यरत लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों ने अपनी शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज को देते हुए कहा कि वह बीते लगभग 15 वर्षों से अनुबंध पर स्टेशन हेडक्वार्टर पर विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। उनका आरोप था कि सेना द्वारा अब कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इस मामले में मंत्री अनिल विज को शिकायत दी जिसपर मंत्री अनिल विज ने सैन्य अधिकारियों से मामले में बात करने का आश्वासन दिया।

जग्गी कालोनी में प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी, मंत्री विज ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए
अम्बाला छावनी एकता विहार निवासी व्यक्ति ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उसने अम्बाला शहर जग्गी कालोनी फेस-3 में कुछ वर्ष पहले प्लाट लिया था। अब वह प्लाट पर निर्माण करने लगे तो कुछ लोगों ने उन्हें धमकियां देते हुए मारने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उनके पास जमीन से संबंधित पूरे कागजात है तथा उन्हें प्लाट पर निर्माण करने नहीं दिया जा रहा है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले में महेशनगर थाना एसएचओ को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Advertisement

अन्य समस्याओं को भी सुना
इसी प्रकार मंत्री अनिल विज के समक्ष डिफेंस कालोनी में काम करने वाली महिला ने फर्म मालिक द्वारा उसे डेढ़ माह का वेतन नहीं देने की शिकायत दी, जिसपर मंत्री अनिल विज ने श्रम विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए, बब्याल निवासी व्यक्ति ने रामगढ़ माजरा में अपनी जमीन की पैमाइश नहीं होने, हरि नगर निवासी व्यक्ति ने घर में टॉवर लगाने पर कुछ लोगों द्वारा इसका विरोध करने के अलावा अन्य शिकायतें आई जिनपर मंत्री अनिल विज ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh