चुनाव सुधार प्रस्ताव पर बोले सहकारिता मंत्री, विपक्ष के आरोपों को बताया निराधार
चंडीगढ़, 22 दिसंबर : हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन सदन में चुनाव सुधार प्रस्ताव पर बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार तीसरी बार जनता के विश्वास के साथ सत्ता में आई है। सरकार बनने का मुख्य कारण सरकार की पारदर्शी नीतियाँ, सुशासन और जनता का अटूट भरोसा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की नीतियों के चलते जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है और यह विश्वास आगे भी कायम रहेगा।
उन्होंने 1980 के दशक का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहा करते थे कि सरकार द्वारा भेजे गए एक रुपये में से जनता तक केवल 15 पैसे पहुँचते हैं, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा भेजा गया पूरा एक रुपया सीधे लाभार्थी तक पहुँच रहा है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने 5 नवंबर 2025 को राहुल गांधी द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा के चुनावों को लेकर लगाए गए आरोप निराधार और आपत्तिजनक हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी और अन्य आरोप न केवल लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि हरियाणा की जनता और मतदाताओं का भी अपमान हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक पोलिंग बूथ पर पोलिंग एजेंट, माइक्रो ऑब्जर्वर और प्रीसाइडिंग ऑफिसर तैनात रहते हैं। यदि किसी प्रकार की कोई अनियमितता होती, तो उसकी शिकायत दर्ज की जाती। लेकिन न तो किसी पोलिंग एजेंट ने और न ही किसी अन्य अधिकृत व्यक्ति ने कोई आपत्ति दर्ज कराई।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के बयान प्रीसाइडिंग ऑफिसरों और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का भी अपमान हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत मिलने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन विधानसभा चुनाव में हार होने पर ईवीएम पर सवाल खड़े करना दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ भी दुष्प्रचार किया गया, लेकिन जनता ने समझदारी दिखाते हुए ऐसे प्रयासों को नकार दिया। इसी प्रकार हरियाणा की जनता ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर विश्वास जताया है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों में ईवीएम के माध्यम से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव हुए हैं और इससे बेहतर चुनाव सुधार और कोई नहीं हो सकता।
कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा हो या बिहार, देश की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि झूठ अब नहीं चलेगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताकत है कि देश की जनता आज जागरूक और सजग है। महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और हरियाणा—हर जगह जनता ने समर्थन दिया है। देश में वही सरकार चलेगी जो राष्ट्रीय हित और राष्ट्रीय भविष्य को सर्वोपरि रखे।
डॉ. अरविंद शर्मा ने विपक्ष पर व्यंग्य करते हुए कहा, हम आईना हैं, हम आईना ही रहेंगे, फ़िक्र वह करें जिनकी शक्ल में कुछ और और दिल में कुछ और है। उन्होंने कहा विपक्ष बार-बार स्थगन प्रस्ताव और अविश्वास प्रस्ताव लाता रहा है और आज भी चुनाव सुधार प्रस्ताव पर वॉकआउट किया गया।उन्होंने स्पीकर का धन्यवाद किया और कहा कि तीन दिनों में सदन ने जो काम किया है, वह सामान्यतः तीन महीनों में होता है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।