श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष पर सरकारी संकल्प सर्वसम्मति से पारित, 8 विधेयक पेश

चंडीगढ़, 18 दिसंबर : हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र की पहले दिन की कार्यवाही संसदीय गरिमा और मर्यादा में संपन्न हुई। विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की अध्यक्षता में आयोजित प्रश्नकाल और शून्यकाल में अनेक विधायकों ने स्कूल, उच्च शिक्षा और जलभराव जैसे जनहित के विषयों को उठाया। राज्य के विद्यालयों/प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षित शिक्षकों तथा अनुदेशकों की भारी कमी विषय पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस दौरान एक सरकारी संकल्प पर विस्तृत चर्चा हुई और 8 विधेयक पेश किए गए। शुक्रवार को कार्यवाही दो बैठकों में होगी। पहली बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। विपक्ष की ओर से लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव पर दोपहर बाद चर्चा होगी।

सत्र के पहले दिन सदन में ‘हिन्द की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान वर्ष मनाने के विषय पर सरकारी संकल्प सर्वसम्मति से पास हुआ। इससे पूर्व इस पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान विधायकों ने कहा कि इस आयोजन से हरियाणा को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में शिरकत कर इस आयोजन की भव्यता को बढ़ाया है।

इस पर चर्चा के दौरान हरियाणा विधानसभाध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पग की भी तारीफ की। रतिया के विधायक जरनैल सिंह ने भी मुख्यमंत्री के पग की सराहना की। इसके उपरांत विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पंजाबी में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी की पग बड़ी सोहणी लग रही है। बता दें कि वीरवार को मुख्यमंत्री पग बांध कर सदन में आए थे।

इससे पूर्व विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नेता प्रतिपक्ष बनने पर भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव से सदन के नए सदस्यों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। इस पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने भी उनका आभार जताते हुए कहा कि वे पहले भी इस पद पर रहे हैं, लेकिन पहली बार नेता प्रतिपक्ष बनने इस प्रकार से अभिवादन किया गया है। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद किया। इस चर्चा के दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने कैथल जिले के गांव चूहड़ माजरा में 23 दिसंबर को जगत गुरु ब्रह्मानंद जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के लिए सभी विधायकों को न्योता दिया। सत्र के दौरान हांसी को जिला बनाने के फैसला की भी सराहना हुई। शून्यकाल के दौरान विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्‌डा आसन पर आसीन हुए।

Advertisement

 

वीरवार को सदन में प्रस्तुत किए गए विधेयकों का विवरण :

  1. हरियाणा श्री माता मनसा देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025
  2. हरियाणा श्री माता शीतला देवी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025   
  3. हरियाणा श्री माता भीमेश्वरी देवी मंदिर (आश्रम),  बेरी पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025       
  4. हरियाणा अन्तरराष्ट्रीय गीता जयंती मेला प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2025
  5. हरियाणा श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मन्तरा देवी तथा श्री केदार नाथ पूजास्थल (संशोधन) विधेयक, 2025      
  6. हरियाणा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2025     
  7. हरियाणा पंचायती राज  (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025
  8. हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh