जनप्रतिनिधि सम्मेलन से होगा शुभारंभ, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशानिर्देश
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 13 अक्तूबर। हरियाणा विधान सभा की ओर से नवंबर माह में संविधान पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े का शुभारंभ एक जनप्रतिनिधि सम्मेलन से होगा। इस सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को तीन अलग-अलग बैठकें कीं। पहली विधान सभा अधिकारियों के साथ, दूसरी मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी तथा तीसरी सूचना, भाषा एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक आदित्य दहिया तथा सरकार व विधान सभा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में सम्मेलन स्थल की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को पूरा करने की जानकारी ली और अधिकारियों को आयोजन को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए निर्णय लिया गया। प्रथम दिन का सम्मेलन 2 नवंबर को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में होने की संभावना है।

विस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक शासन की आधारशिला है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को अधिकार देने के साथ-साथ उसके प्रति कुछ दायित्व भी निर्धारित किए हैं। ऐसे में संविधान पखवाड़ा केवल संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और संविधान की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। जनप्रतिनिधि सम्मेलन के माध्यम से वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर संविधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।