कांग्रेस के झूठ के खिलाफ हरियाणा भाजपा का संगठित अभियान, जन-जन तक पहुंचेगा अमित शाह का संदेश


संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, उपाध्यक्ष सतीश नांदल और मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने प्रदेश पदाधिकारियों और प्रवक्ताओं के साथ बैठक में बनाई रणनीति


नई दिल्ली/ रोहतक, 13 दिसंबर। लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस के झूठ और भ्रम की राजनीति को तथ्यों के साथ उजागर किए जाने के बाद हरियाणा भाजपा ने इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को रोहतक स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय “मंगल कमल“ में भाजपा की प्रदेश मीडिया टीम और प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा भाषण के प्रमुख अंश स्क्रीन पर दिखाए गए। प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने सभी प्रवक्ताओं एवं पदाधिकारियों के समक्ष आगे की कार्य योजना प्रस्तुत की। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने एसआईआर और ईवीएम के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को उजागर करने का आह्वान किया।

प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने स्वयं 11 बार एसआईआर कराया, फिर अब उसी प्रक्रिया का विरोध करना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 और वर्ष 2009 में कांग्रेस ने ईवीएम से चुनाव जीते, तब कोई सवाल नहीं उठाया गया। वर्ष 2014 से 2025 के बीच हुए 71 विधानसभा चुनावों में से 30 में विपक्ष की जीत यह साबित करती है कि ईवीएम पर आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
उन्होंने सवाल किया कि यदि बिहार में एसआईआर और ईवीएम को लेकर विपक्ष को आपत्ति है तो अब तक कानूनी प्रक्रिया के तहत कोई शिकायत क्यों दर्ज नहीं कराई गई, जबकि अभी भी 45 दिन की अवधि पूरी नहीं हुई है। विपक्ष में हिम्मत है तो अभी चुनाव प्रक्रिया को चुनौती दे सकते है, लेकिन कांग्रेस को पता है उसके आरोप निराधार और झूठे हैं, इसलिए वो केवल भ्रम की राजनीति कर रही है। अरविंद सैनी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग पर वीडियो डिलिट करने का आरोप लगाती है, जबकि सच्चाई यह है कि 45 दिनों के बाद कोई भी चुनावी प्रक्रिया को चुनौती नहीं दे सकता, ऐसे में 45 दिन के बाद वीडियो रखने का कोई औचित्य नहीं बनता।

 

अरविंद सैनी ने कहा कि लोकसभा में जब गृहमंत्री अमित शाह कांग्रेस के हर सवाल का तथ्यात्मक जवाब दे रहे थे, तब राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस संसद छोड़कर बाहर चली गई, जिससे साफ है कि कांग्रेस सच का सामना नहीं करना चाहती और केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में उपस्थित नेताओं ने निर्णय लिया कि अमित शाह के भाषण और तथ्यों को हरियाणा के हर जिले और हर वर्ग तक पहुंचाकर कांग्रेस के झूठ का पर्दाफाश किया जाएगा।
बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि सभी पदाधिकारी केंद्र की मोदी और राज्य की नायब सैनी सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर पर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बूथों को हमें और अधिक मजबूत बनाना है। श्री शर्मा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने एसआईआर और ईवीएम पर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को जन-जन तक पहुंचाकर कांग्रेस का पर्दाफाश करने को कहा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने कहा कि विपक्षी पार्टियां घुसपैठियों को बचाना चाहती है। नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी पर बोलने पर विपक्ष ने बहिष्कार नहीं किया, जब घुसपैठियों को खदेड़ने की बात आई तो विपक्ष के लोगों ने सदन का बहिष्कार कर बता दिया कि विपक्ष का घुसपैठियों से कितना प्यार है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठे नेरेटिव को ध्वस्त करें और जनता के सामने कांग्रेस की सच्चाई बताएं तथा भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावशाली तरीके से जनता के बीच रखें।

Advertisement

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी वर्चुअली इस बैठक में जुड़े और प्रदेश पदाधिकारियों और प्रवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष झूठ बोलकर देश की लोकतांत्रिक साख को नुकसान पहुंचा रहा है। विपक्ष का एजेंडा सरकार की छवि को धूमिल करना है। उन्होंने सभी प्रवक्ताओं से कहा कि हमें केंद्रीय गृहमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है और बताना है कि कांग्रेस की प्रवृति लोकतंत्र के हित में नहीं है।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि घुसपैठिए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नहीं चुन सकते, इसलिए एसआईआर बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता घुसपैठियों के लिए भाजपा को घेरने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों की तादाद बढ़ने का कारण ममता बनर्जी सरकार है जो बांग्लादेश से लगती 538 किलोमीटर सीमा पर फेंसिग करने में सहयोग नहीं करती।

बैठक में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश सचिव रेनू डावला, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप अहलावत, यशपाल बत्रा, बिजेंद्र नेहरा, वीरेंद्र चौहान, नेहा धवन, राजबीर रोहिल्ला, डॉ किरण कलकल, एडवोकेट शंकर धूपड़, एडवोकेट राजकुमार कटारिया, राजबाला, प्रियदर्शिनी, नरेंद्र वत्स, रामराजी शर्मा, रविन्द्र सांगवान, एडवोकेट राज रमन दीक्षित, नागेंद्र शर्मा, मुकेश कापड़ीवास, संदीप हिंदुस्तानी, डॉ अशोक रंगा, हरिओम मित्तल भाली, प्रो. सुभाष सपरा, जिला महामंत्री नितिन जैन जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज आदि प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh