पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर आमजन को देंगे हरियाणा जैसा सुशासन : नायब सिंह सैनी

पंजाब के धानक समाज ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलकर बताई अपनी समस्याएं, विधानसभा चुनाव में भाजपा की मदद का दिया भरोसा

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 29 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद वहां के लोगों को हरियाणा की तरह सुशासन मिलेगा। हरियाणा की तरह ही पंजाब के वंचित वर्ग को भी प्लाट, मकान, बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति व इलाज सहित सभी सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात आज चंडीगढ़ स्थित अपने आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में पंजाब के विभिन्न जिलों से आए धानक समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करते हुए कही। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर 30 जून को संत कबीर दास जी के प्रकट दिवस पर पंजाब में वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी समाज) द्वारा आयोजित किए जाने वाले समारोह में आने का न्यौता भी स्वीकार किया। इस अवसर पर पंजाब में लोकसभा का चुनाव लड़े मदनलाल खटक, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती व महेंद्र सिंह सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित थे।

Advertisement

पंजाब में धानक समाज के अध्यक्ष सतीश खुंडिया ने समाज की समस्याएं बताते हुए कहा कि समाज के पढ़े-लिखे युवकों को रोजगार नहीं मिल रहा है और वे मंडियों में बोरियां ढोने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में विधानसभा की 117 में से 34 सीटें तथा लोकसभा की 13 में से 4 सीटें वंचित अनुसूचित जाति (डीएससी समाज) से बनती हैं लेकिन हमारी भागीदारी न तो विकास में है और न ही राजनीति में। उन्होंने कहा कि हरियाणा में डीएससी समाज ने जहां इतनी तरक्की कर ली है वहीं पंजाब में हालात बहुत खराब हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपके समाज की पीड़ा समझता हूं। पंजाब में कांग्रेस रही हो या वर्तमान आम आदमी पार्टी की सरकार, सभी ने पंजाब के वास्तविक विकास की ओर कभी ध्यान नहीं दिया। इन पार्टियों ने हमेशा लोगों पर राज किया है, कभी सेवा नहीं की। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री कॉमेडियन से ज्यादा कुछ नहीं हैं और केजरीवाल का हाल तो सब जानते ही हैं जिसने दिल्ली और पंजाब में सबकुछ निचोड़ लिया। आम आदमी पार्टी ने पिछली बार लोगों को झूठे सब्जबाग दिखाकर पंजाब में सरकार बना ली लेकिन अब इनकी असलियत लोगों के सामने आ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े 11 साल पहले हरियाणा में भी इसी प्रकार के हालात थे लेकिन भाजपा सरकार ने मजबूत इरादों के साथ यहां की स्थिति को ठीक किया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार बनते ही हमने पुलिस विभाग में 5500 जवानों की भर्ती की जिसमें से 605 बच्चे डीएससी समाज से भर्ती हुए। हमने घोषणा की थी कि हर सिर को छत मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने केवल 100-100 वर्ग गज के मकान देने की घोषणा की थी किसी को प्लाट के कागज या कब्जे नहीं दिए थे। लेकिन हमारी सरकार ने कांग्रेस के समय के वंचितों को प्लाटों के कागज व कब्जे दिए।

इसके अलावा पोर्टल के माध्यम से जरूरतमंदों से आवेदन मंगवाकर 16500 परिवारों को अलग से 100-100 वर्गगज के प्लाट दिए। फिर प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर इन प्लाटों पर मकान बनवाकर इनकी चाबियां पात्र परिवारों को सौंपी। पिछले साढ़े 11 सालों में हरियाणा सरकार ने 1.60 लाख मकान पात्र परिवारों को दिए हैं। जिन परिवारों को जमीन व प्लाट नहीं मिले उन्हें फ्लैट बनाकर दिए हैं। पिछले दिनों सोनीपत व गुरुग्राम में 3250 फ्लैट पात्र परिवारों को दिए गए हैं, अगले चरण में 4000 फ्लैट जल्द ही दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 27.5 लाख लोगों को निःशुल्क इलाज मिला है जिसके लिए हरियाणा सरकार ने अस्पतालों को 4000 करोड़ रुपये दिए हैं। इसी प्रकार आज हरियाणा में गरीब-मजदूर परिवारों के बच्चे बिना सिफारिश और बिना रिश्वत अपनी मेहनत व योग्यता के आधार पर एचसीएस तक की नौकरियों के लिए चुने जा रहे हैं। हरियाणा में वंचित समाज के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है, वजीफे दिए जा रहे हैं, बेटियों को पोस्ट-ग्रेजुएशन तक की मुफ्त पढ़ाई, बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा है। हरियाणा के किसी भी हिस्से से बेटियों के लिए कॉलेज की सुविधा 20 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर नहीं है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में 3 लाख रुपये तक की सालाना आय वाले 50 लाख पात्र व्यक्तियों को 3200 रुपये प्रतिमाह और महिलाओं को चुनावी घोषणा के अनुरूप 2100 रुपये प्रतिमाह दिया जा रहा है। इसके लिए वर्तमान सरकार ने प्रथम बजट में 5000 करोड़ रुपये का तथा दूसरे बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके तहत अब तक महिलाओं के खातों में 1038 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा चुकी है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में बातें तो बड़ी-बड़ी हो रही हैं लेकिन काम नहीं हो रहा है। वहां सरकार का न तो नशे पर नियंत्रण है और न ही सरकार युवाओं को रोजगार दे पा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में बदलाव पंजाब के लोग ही ला सकते हैं और आने वाले चुनाव में लोगों के सामने सुनहरा मौका है। जब आप लोग बदलाव के लिए मेहनत करेंगे तभी आने वाली पीढ़ी का भविष्य संवरेगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि आने वाले पंजाब चुनाव में पूरा समाज भाजपा की जीत के लिए न केवल समर्थन देगा बल्कि भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए दिन-रात मेहनत भी करेगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh