नायब सैनी ने बजट के रूप में रख दी है विकसित हरियाणा की मजबूत नींव : मोहन लाल बड़ौली

कांग्रेस झूठ से जनता को भटकाने में लगी रही और भाजपा ने रख दी विकसित भारत और विकसित हरियाणा की नींव : मोहन लाल बड़ौली

न्यूज़म ब्यूरो

चंडीगढ़, 3 मार्च। भाजपा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने हरियाणा की नायब सैनी सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर सोनीपत में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं, सुझावों और विकसित हरियाणा के संकल्प का सशक्त दस्तावेज है, जो हरियाणा को विकसित करने की मजबूत नींव रखता है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, निशांत छोक्कर, अरूण बंसल और धीरज शर्मा मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वित्त मंत्री के रूप में प्रस्तुत 2 लाख 23 हजार 658 करोड़ रुपये का बजट हरियाणा को तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 10.28 प्रतिशत अधिक है और प्रदेश की आर्थिक मजबूती को दर्शाता है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि वर्ष 2020 से जनता से सुझाव लेकर बजट बनाया जा रहा है। इस बार मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 13 बैठकों में 2,199 सुझाव प्राप्त किए, जबकि एआई चैटबॉट के माध्यम से 12,400 सुझाव मिले, जिनमें से लगभग 5,000 सुझावों को बजट में शामिल किया गया। यह लोकतांत्रिक सहभागिता का श्रेष्ठ उदाहरण है।

Advertisement

बड़ौली ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश की जीडीपी तीन गुना होकर 4.37 लाख करोड़ से बढ़कर 13.67 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची है। प्रति व्यक्ति आय भी लगभग तीन गुना बढ़ी है। राजस्व घाटा और प्रभावी राजस्व घाटा दोनों में उल्लेखनीय कमी आई है, जो कुशल वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है।

प्रदेश अध्यक्ष ने 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत केंद्रीय करों में हरियाणा के हिस्से में 24.52 प्रतिशत की वृद्धि को डबल इंजन सरकार की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक द्वारा ‘हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट’, ‘वॉटर सिक्योर हरियाणा’ तथा प्रस्तावित ‘हरियाणा एआई मिशन’ को मिली स्वीकृति से प्रदेश में पर्यावरण, जल प्रबंधन और तकनीकी कौशल को नई दिशा मिलेगी। एआई मिशन के तहत 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को वित्त मंत्री के रूप में एक बेहतरीन बजट पेश किया, जिससे हर वर्ग खुशहाल होगा।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बजट सत्र में लिए गए 12 महत्वपूर्ण निर्णय स्वागत करने लायक हैं। उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ की स्थापना, 3 लाख किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन, अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 15,200 रुपये प्रतिमाह करना, ‘मेक इन हरियाणा’ नीति, ‘हरियाणा ग्रीन क्लाइमेट रेज़िलिएंस फंड’, तथा हांसी को मॉडल जिला बनाना जैसे निर्णय ऐतिहासिक हैं।

बड़ौली ने कहा कि किसान हित में 1.40 लाख एकड़ लवणीय भूमि को खेती योग्य बनाने, ‘मेरा पानी-मेरी विरासत’ के तहत अतिरिक्त बोनस, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन, पीएम कुसुम योजना के तहत 35 हजार सोलर पंप तथा स्मार्ट एग्रीकल्चर क्लस्टर जैसे कदम किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगे।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ में आय सीमा बढ़ाना, 3 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाना, ‘पिंक कैब’ योजना, 4 हजार नई उचित मूल्य दुकानें, महिला पुलिस थानों की स्थापना तथा कार्यबल सहभागिता बढ़ाने के प्रयास प्रदेश की मातृशक्ति को नई शक्ति देंगे।

बडौली ने कहा कि युवा शक्ति के लिए कौशल प्रशिक्षण, अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण, ‘खेलो इंडिया’ केंद्र, आईटीआई क्लस्टर, अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम तथा हर हित स्टोर खोलने जैसे कदम युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेंगे।

स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, आवास और इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में किए गए प्रावधान जैसे जिला अस्पतालों का उन्नयन, 100 नए स्वास्थ्य केंद्र, 250 सीएम एक्सीलेंस विद्यालय, 5 हजार किलोमीटर सड़कों का सुधार, नए आरओबी/आरयूबी, तथा साइबर पुलिस थानों की स्थापनाकृप्रदेश को समग्र विकास की ओर ले जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का जो लक्ष्य देश ने तय किया है, उसी संकल्प के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि यह बजट अंत्योदय, सुशासन और सर्वांगीण विकास के संकल्प को साकार करने वाला बजट है। बडौली ने कहा कि यह बजट प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh