पश्चिमी बंगाल के 24 परगना के कुल्पी में परिवर्तन यात्रा के दौरान गरजे नायब सिंह सैनी

स्वर्णिम एवं विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता तत्पर : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 

24 परगना में परिवर्तन संकल्प यात्रा को किया संबोधित  

कहा, बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से बढ़ रहा आगे 

जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास की राजनीति पर दिया बल 

नायब सिंह सैनी ने बंगाल की लचर-पचर, भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने का किया आह्वान

Advertisement

न्यूज़म ब्यूरो

चण्डीगढ, 10 मार्च : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वर्णिम और विकसित बंगाल बनाने के लिए जनता परिवर्तन संकल्प को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास आधारित राजनीति के महत्व पर बल दिया।

मुख्यमंत्री मंगलवार को बंगाल के 24 परगना के कुल्पी में परिवर्तन यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया और विश्वास जताया कि देश में विकास और परिवर्तन की भावना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भूमि से बंगाल के लोगों के बीच आने का मौका मिला है जिस भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल मछली पालक किसानों की धरा है। यहां के लोगों ने इतिहास व संस्कृति को बदलने का कार्य किया। बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भावना पूरे देश में फैली है। बंगाल की माटी के लोग हमारे लिए गर्व और गौरव हैं। इस धरा ने स्वामी विवेकानन्द, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेता जी सुभाष चन्द्र बोस, बंकिमचन्द्र चटर्जी जैसे महान सपूत दिए हैं। यहां के रणबांकूरों ने देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की भूमि ने वंदे मातरण का मंत्र देकर देश में राष्ट्रवाद की ज्योत जलाई जो आज भी जग रही है।

बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ-भय, भ्रष्टाचार से चाहती है मुक्ति 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल राजनैतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बंगाल की लचर पचर, भ्रष्टाचार में फंसी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए परिवर्ततन की पुकार है। बंगाल की जनता बदलाव और विकास के साथ चलकर भय और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है। इसी उत्साह एवं जोश के साथ भारी संख्या में जनसभा में आना इस बात का संकेत है कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर गति से आगे बढ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 परगना की खास पहचान है कि यहां जनता मेहनती है, समुद्र के किनारे बसे मछुआरे किसान मेहनत से जीवन यापन कर रहे हैं। किसानों को सुविधाएं व बाजार नहीं मिल रही, युवा बेरोजगार हैं और भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण व हिंसा का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं व चक्रवात से होने वाले नुकसान की भरपाई भी नहीं की। नाले टूट गए, खेती बह गई, उनका पैसा भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। बंगाल का भ्रष्टाचार किसी से छुपा हुआ नहीं है। सरकार जनता के साथ बहुत अन्याय कर रही है।

Special Offer
ADVERTISEMENT

बंगाल का युवा अन्याय की दीवार और भ्रष्टाचारी सरकार को गिराने के लिए कृतसकंल्प 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस धरती के महापुरुषों ने देश चलाने का काम किया और आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनके लोगों को यह दिन देखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहां का युवा अन्याय की दीवार और भ्रष्टाचारी सरकार को गिराने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार ने काम नहीं किया, बल्कि बंगाल से उद्योग उजाड़ने का काम किया है। जनता में आक्रोश है। बंगाल में सरकार ने घुसपेठियों के लिए सुरक्षित जगह बनाई है। सरकार की गलत नीतियों के कारण लोकतंत्र खतरे में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। हरियाणा में 5 लाख रुपए तक का ईलाज अस्पतालों में मुफ्त किया जा रहा है। अब तक 27 लाख परिवारों ने इसका लाभ उठाया है जिसके 450 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार ने दिए हैं, लेकिन बंगाल सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ गरीबों तक नहीं पहुँचाया। उन्होंने चिंता जताई कि कई पात्र लोगों तक इस योजना का लाभ प्रशासनिक और राजनीतिक कारणों से नहीं पहुंच पाया। जबकि हरियाणा सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

भारत की चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में विश्व स्तर पर बढ़ी साख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है और भारत की विश्व स्तर पर चतुर्थ आर्थिक शक्ति के रूप में साख बढी है। यह प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और विकास की राजनीति से ही सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने का काम कर रही है। जब तक नारी सशक्त नहीं होती तब तक देश पूर्ण रूप से तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए सरकार ने तीन लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का निर्णय लिया है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए की राशि दी जा रही है। अब तक 5 किस्तों में 750 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि जिस राज्य में मुख्यमंत्री महिला होने पर भी वहां की महिलाएं सुरक्षित नहीं और उन पर अत्याचार हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश की राष्ट्रपति का बंगाल की भूमि पर अपमान हुआ है। आगामी चुनाव में जनता विशेषकर महिलाएं बंगाल सरकार को सबक सिखाने का कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा छोटा राज्य होने के बावजूद “डबल इंजन सरकार” के मॉडल के तहत विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ और नीतियां जनहित में बनाई जाती हैं, तो उनका लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के रोजगार और उद्योगों के लिए ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिए, जिसमें उद्योगों को बढ़ावा मिले और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि विकास केंद्रित शासन से उद्योगों का पलायन रुकता है और युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिलते हैं।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और पारदर्शिता की आवश्यकता पर भी बल देते हुए कहा कि देश की जनता विकास, सुशासन और जवाबदेही चाहती है। उन्होंने लोगों से विकास और प्रगति की राजनीति का समर्थन करने का आह्वान करते हुए एक मजबूत व समृद्ध बंगाल के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में पहुँचने पर ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh